भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न, “संकल्प से सिद्धि” अभियान का हुआ आगाज़
"विकसित भारत का संकल्प" लेकर भाजपा उतरी मैदान में, धरमलाल कौशिक ने दिया जीत का मंत्र

भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न, “संकल्प से सिद्धि” अभियान का हुआ आगाज़
मोदी सरकार के 11 साल
“विकसित भारत का संकल्प” लेकर भाजपा उतरी मैदान में, धरमलाल कौशिक ने दिया जीत का मंत्र
जांजगीर-चांपा | भारतीय जनता पार्टी द्वारा मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने बताया कि “संकल्प से सिद्धि” अभियान की शुरुआत जिले से हो रही है। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर “विकसित भारत संकल्प सभा” आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों से अवगत कराते हुए विकसित भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। 15 से 17 जून के बीच प्रत्येक शक्ति केंद्र पर ग्राम एवं मोहल्ला चौपाल और 17 से 21 जून तक योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता धरमलाल कौशिक ने कहा – “कार्यकर्ता बनें जनसेवा के वाहक”
कार्यशाला के मुख्य वक्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल आंकड़ों का प्रचार नहीं, बल्कि एक जनसंपर्क का सशक्त माध्यम है। मोदी सरकार के 11 वर्षों ने भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा, “यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की सफलता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सभी तय कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपनी पूरी शक्ति झोंक दें। बूथ स्तर पर संवाद और चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे जनता से जुड़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
“राष्ट्रवाद की भावना मोदी युग में हुई प्रखर” – कौशिक
कौशिक ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “कांग्रेस ने वर्षों तक झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रवाद, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। आज की पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ने का कार्य भाजपा कर रही है।”
“मोदी सरकार के कार्य घर-घर पहुंचाएं” – सांसद कमलेश जांगड़े
जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि भाजपा की नीतियों का अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही पार्टी का उद्देश्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि “विकसित भारत के अमृतकाल में हर घर तक मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचे। कोई भी विरोधी भ्रम न फैला सके, इसके लिए जमीनी स्तर पर जनसंपर्क आवश्यक है।”
“संकल्प को सिद्ध किया है मोदी सरकार ने” – नारायण चंदेल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अब बूथ स्तर पर संवाद करते हुए हर वर्ग, समुदाय और पेशेवर समूहों से संपर्क साधना होगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, नल-जल योजना, राशन कार्ड और आयुष्मान योजना जैसी अनेक उपलब्धियां हमें गर्व से प्रचारित करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि “आज 10 करोड़ से अधिक लोग आयुष्मान योजना से लाभान्वित हैं। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हर पात्र व्यक्ति को इसका लाभ मिले और वह सरकार के साथ अपने अनुभव साझा करे।”
विशेष उपस्थिति और संचालन
कार्यशाला का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष नंद चौधरी ने किया और आभार प्रदर्शन अभियान के सह-संयोजक संतोष लहरे ने। कार्यक्रम में मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलाब चंदेल, जांजगीर नपाध्यक्ष रेखा गढ़वाल, अमर सुल्तानिया, प्रशांत सिंह ठाकुर, अशोक चावलानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।