
बाढ़ का खतरा बढ़ा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी
उत्तर और बस्तर संभाग में हो सकती है बहुत भारी वर्षा, अगले तीन दिन सतर्क रहने की जरूरत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून ने फिर एक बार चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे के भीतर उत्तर छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। साथ ही गरज-चमक, तेज अंधड़ और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण बीते 24 घंटे में सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, महासमुंद, जशपुर और सुकमा जिलों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। इस दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले तीन दिन विशेष सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहेगा। विशेष रूप से बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं 6 और 7 जुलाई को उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में वर्षा की तीव्रता और बढ़ सकती है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
प्रशासन और नागरिक रहें सतर्क
मौसम विभाग ने नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है। नदी-नालों के आसपास रहने वालों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। किसानों को भी खेतों में जलभराव की स्थिति से फसल बचाने के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।