“सामाजिक सरोकार से ही है व्यापार की सार्थकता – अमर सुल्तानिया”
बाल श्रम निषेध अभियान के शुभारंभ के साथ चेंबर की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न,

“सामाजिक सरोकार से ही है व्यापार की सार्थकता – अमर सुल्तानिया”
बाल श्रम निषेध अभियान के शुभारंभ के साथ चेंबर की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न,
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक राजधानी रायपुर स्थित चै. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर व्यापारिक नीति, सामाजिक सरोकार और तकनीकी जागरूकता जैसे विषयों पर सार्थक मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने की, वहीं प्रदेश महामंत्री अमर सुल्तानिया ने “सामाजिक उत्तरदायित्व के बिना व्यापारिक सफलता अधूरी है”, यह संदेश देते हुए बाल श्रम निषेध अभियान का शुभारंभ किया।
अमर सुल्तानिया ने अपने उद्बोधन में कहा, “बाल श्रम केवल कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि मानवता और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ एक गंभीर अपराध है। चेंबर की यह नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह इसके खिलाफ जनजागरूकता लाए और व्यापारियों को प्रेरित करे कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी रूप में बच्चों से श्रम न कराएं।”
इस अवसर पर अपर श्रमायुक्त एस.एल. जांगड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बाल श्रम के विरुद्ध सख्त कानून बनाए गए हैं और इनका कड़ाई से पालन अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने चेंबर से सहयोग की अपील करते हुए इसे समाजहित में अहम पहल बताया।
अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बैठक में चेंबर की 75 दिनों की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि चेंबर की लगातार कोशिशों के फलस्वरूप प्रदेश में सिंगल विंडो प्रणाली लागू हुई है, जिससे उद्योगपतियों और व्यापारियों को तमाम सरकारी प्रक्रियाओं में सुविधा मिली है।
बैठक में तकनीकी जागरूकता को बढ़ावा देने की घोषणा भी की गई। भविष्य में व्यापारियों के लिए डिजिटल व्यापार, कानूनी जानकारी और ई-कॉमर्स जैसे विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, चेंबर की वेबसाइट को अपडेट कर उसमें व्यापार से जुड़े नियम-कानूनों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यकारिणी बैठक के दौरान महिला चेंबर की औपचारिक घोषणा भी की गई, जिसमें डॉ. ईला गुप्ता को महिला चेंबर की अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के पाँचों संभागों में कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को ज़मीनी स्तर पर सशक्त करने की दिशा में कदम उठाए गए।
बैठक में जांजगीर-चांपा से जिला अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अकलतरा से विजय केडिया, प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल केडिया, मंत्री दीपक पालीवाल समेत प्रदेशभर से आए कई पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई।
यह बैठक न केवल व्यापारिक दिशा को स्पष्ट करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि व्यापारिक नेतृत्व जब सामाजिक दायित्वों को साथ लेकर चलता है, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जाती है।