आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का 13 अगस्त को एक दिवसीय ध्यानाकर्षण धरना
हॉकी मैदान, जांजगीर में होगा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का 13 अगस्त को एक दिवसीय ध्यानाकर्षण धरना
हॉकी मैदान, जांजगीर में होगा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
जांजगीर-चांपा। जिला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं अपनी लंबित मांगों को लेकर 13 अगस्त 2025 को हॉकी मैदान, जांजगीर में एक दिवसीय ध्यानाकर्षण धरना देने जा रही हैं। यह आंदोलन प्रदेश स्तरीय आव्हान पर किया जाएगा, जिसमें जिले की सभी कार्यकर्ता व सहायिकाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शामिल होंगी। दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।

जिलाध्यक्ष श्रीमती सविता कश्यप के अनुसार, संगठन ने समय-समय पर अपनी मांगें प्रशासन को सौंपीं, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं हुई, जिससे नाराज होकर यह आंदोलन का निर्णय लिया गया है।

मुख्य मांगें
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित कर प्रतिवर्ष 10% मानदेय वृद्धि (मध्यप्रदेश की तर्ज पर)।
पर्यवेक्षक भर्ती तत्काल निकाली जाए, आयु सीमा हटाई जाए, 50% पदोन्नति व सहायिकाओं को 100% पदोन्नति मिले।
पोषण ट्रैकर एप की तकनीकी समस्याओं का समाधान, 5G मोबाइल व नेट खर्च की सुविधा, सही प्रशिक्षण की व्यवस्था।
सेवा समाप्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता।
गंभीर बीमारी पर मेडिकल अवकाश के साथ मानदेय, प्रभार पर प्रोत्साहन राशि, विभागीय ऋण सुविधा।
ईंधन राशि समय पर, प्रत्येक केंद्र में सिलेंडर व चूल्हा उपलब्ध कराना।
आरटीई के कारण आंगनबाड़ी में बच्चों की घटती संख्या पर ठोस निर्णय।
सुपोषण चौपाल व मातृत्व वंदना योजना की राशि हर माह जारी करना।
प्रशिक्षण के लिए मिलने वाली राशि का सही उपयोग।
आंदोलन के संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी व परियोजना अधिकारी को भी सूचना भेज दी गई है।




