बहनों ने बांधी राखी, मांगा सुरक्षा का वचन
बलौदा थाने में रक्षाबंधन का भावुक नजारा, छात्राओं ने जवानों के समर्पण को सलाम किया
बहनों ने बांधी राखी, मांगा सुरक्षा का वचन
बलौदा थाने में रक्षाबंधन का भावुक नजारा, छात्राओं ने जवानों के समर्पण को सलाम किया
बलौदा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर इस बार बलौदा थाना एक भावुक और प्रेरणादायक पल का साक्षी बना। जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, भिलाई-बलौदा की छात्राएं राखी के धागों के साथ प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का संदेश लेकर थाना पहुंचीं।
छात्राओं ने वहां तैनात पुलिस जवानों के ललाट पर तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और अपनी ही हाथों से तैयार किए गए रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं, जब छात्राओं ने कहा— “आप जैसे पुलिस जवानों के कारण ही हम निडर होकर स्कूल जा पाते हैं।” छात्राओं ने जवानों के त्याग और सेवा को सच्चा “राष्ट्र धर्म” बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा, “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का पर्व नहीं, यह देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का भी पर्व है। बहनों ने हमें जो राखी बांधी, वह केवल धागा नहीं बल्कि विश्वास, आशीर्वाद और संकल्प का प्रतीक है।”
उन्होंने आगे कहा कि जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्राएं केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार भी अर्जित कर रही हैं, जो समाज को सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर टीआई राजीव श्रीवास्तव, प्रतिभा राठौर, मुकेश यादव, बृजपाल बर्मन, रोहित साहू, विनोद मनहर सहित समस्त थाना स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम ने सभी को यह अहसास कराया कि सुरक्षा के पीछे सिर्फ वर्दी ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है।