रात्रि में लूट की नीयत से घर में घुसने वाला आरोपी पकड़ाया
अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

रात्रि में लूट की नीयत से घर में घुसने वाला आरोपी पकड़ाया
अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
अकलतरा। थाना अकलतरा पुलिस ने रात्रि में लूट की नीयत से घर में घुसकर परिवार को धमकाने वाले एक खतरनाक आरोपी को तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हसिया भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2025 की रात करीब 1 बजे कल्याणपुर निवासी राकेश दास के घर में आरोपी चेतन महंती (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 38, थाना जीआरपी भिलाई-3, जिला दुर्ग ने चोरी और लूट की नीयत से प्रवेश किया। उस समय राकेश दास की मां बरामदे में सोई हुई थीं। आरोपी हाथ में हंसिया लिए महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की कोशिश कर रहा था। महिला के जागने और शोर मचाने पर परिजन जाग गए।
इस पर आरोपी ने धारदार हंसिया महिला के गले पर रखकर जान से मारने की धमकी दी और पूरे परिवार को डरा-धमकाकर डराने की कोशिश की। आरोपी ने धमकी दी कि अगर कोई पास आया तो वह सभी को मार देगा। भयभीत महिला बचने के प्रयास में भागने लगी, तभी आरोपी ने उसे धक्का देकर भागने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और इसकी सूचना तुरंत थाना अकलतरा पुलिस एवं डायल 112 को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ धारा 331(4), 351(3), 115(2), 309(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आरोपी चेतन महंती को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, सउनि अशोक कश्यप, बी.पी. खाण्डेकर, प्र.आर. अनिल हंसराज की सक्रिय भूमिका रही।




