शहर की सड़कों पर नशे की रफ्तार बनी मौत का कारण, कार चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
शराब के नशे में तेज रफ्तार कार से पैदल यात्री की मौत, ऑटो चालक गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार, कार व शराब जब्त
शहर की सड़कों पर नशे की रफ्तार बनी मौत का कारण, कार चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
शराब के नशे में तेज रफ्तार कार से पैदल यात्री की मौत, ऑटो चालक गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार, कार व शराब जब्त
जांजगीर। शहर में शराब के नशे में वाहन चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें लापरवाही और तेज रफ्तार ने एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 4 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 8 बजे सूचना मिली कि भाटापारा केरा रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने आम रोड पर एक ब्रेजा कार क्रमांक CG29F 3765 ने पैदल यात्री और एक ऑटो को टक्कर मार दी है। बताया गया कि कार चालक अमन गोयल पिता धनकृष्णो गोयल, उम्र 27 वर्ष, निवासी एम-88 ओल्ड माइंस भटगांव, जिला सूरजपुर, शराब के नशे में धुत होकर नया बस स्टैंड जांजगीर की ओर से कचहरी चौक की दिशा में अत्यधिक गति से वाहन चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी चालक यह जानते हुए भी कि उसने शराब का सेवन किया है, शहर के बीचो-बीच तेज रफ्तार में कार चलाते हुए अपनी साइड में पैदल चल रहे नारायण सोनवान को टक्कर मार दी। इसके बाद कुछ दूरी पर उसी साइड चल रहे एक ऑटो को भी ठोकर मार दी, जिससे ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पैदल यात्री नारायण सोनवान की मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी कार चालक को मौके से पकड़ा। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने पर रिपोर्ट में उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती योगिता खापरडे को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने थाना कोतवाली जांजगीर में आरोपी अमन गोयल के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, वाहन में रखी शराब की बोतलें एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर वाहन चलाने और घटना कारित करने की बात स्वीकार की। इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।