समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में जिला सक्ती आगे
अब तक 2 लाख 17 हजार 854 मीट्रिक टन धान का उपार्जन, खरीदी अभियान तेज
धान खरीदी केंद्रों में आज 3299 टोकन कटे 126 उपार्जन केंद्रों पर सुचारू रूप से जारी है खरीदी प्रक्रिया
सक्ती : प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान लगातार गति पकड़ रहा है। 15 नवंबर से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत सक्ती जिले में किसानों से बड़े पैमाने पर धान का उपार्जन किया जा रहा है। जिले में अब तक 126 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 2,17,854.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
जिले में पंजीकृत किसानों से धान खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 126 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से टोकन प्रणाली के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 01 जनवरी 2026 को जिले के सभी 126 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के लिए 3299 टोकन जारी किए गए। इन टोकनों के आधार पर कुल 16,031.35 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। शाम 05 बजे तक जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में 9,425.20 मीट्रिक टन धान का उपार्जन पूर्ण किया जा चुका है।
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि राज्य के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी नगद एवं लिंकिंग व्यवस्था के माध्यम से की जा रही है। यह प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
धान खरीदी अभियान के तहत किसानों को समय पर टोकन जारी कर व्यवस्थित रूप से खरीदी की जा रही है, जिससे जिले में धान उपार्जन कार्य लगातार प्रगति पर है।