प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी ढुलवाने का वीडियो वायरल, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
नन्हे बच्चों के सिर पर पानी से भरे बर्तन, बाल्टियों में पानी भरकर ऑफिस ले जाते दिखे छात्र
प्राथमिक शाला में बच्चों से पानी ढुलवाने का वीडियो वायरल, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
नन्हे बच्चों के सिर पर पानी से भरे बर्तन, बाल्टियों में पानी भरकर ऑफिस ले जाते दिखे छात्र,
पूछताछ पर प्रधानपाठिका ने जताई नाराजगी, अधिकारी रहे अनुपलब्ध
बलौदा। जनपद प्राथमिक शाला करमा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे सिर पर पानी से भरे बड़े बर्तन उठाकर चलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि बच्चे बड़ी बाल्टियों में पानी भरकर स्कूल के कार्यालय की ओर ले जा रहे हैं।
वायरल वीडियो में खिड़की के पास बैठी स्कूल की प्रधानपाठिका भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में यह स्पष्ट होता है कि बच्चों द्वारा पानी ढोने की गतिविधि के दौरान वे वहीं मौजूद हैं। इस दृश्य को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बच्चों को शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए, वहां इस प्रकार की गतिविधियों का वीडियो सामने आने के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए जब प्रधानपाठिका से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मीडियाकर्मियों से ही स्कूल में प्रवेश की अनुमति को लेकर सवाल करना शुरू कर दिया।
वहीं, पूरे मामले में प्रतिक्रिया जानने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी से भी बात करने की कोशिश की गई, जिन्होंने स्वयं को प्रश्न पत्र वितरण ड्यूटी में व्यस्त बताते हुए बातचीत आगे नहीं बढ़ाई।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और संबंधित मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।