स्कूटी सवार को बचाने में पलटी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, चालक घायल
मड़वारानी के पास हुआ हादसा, चार लोग थे सवार, बाकी सुरक्षित
स्कूटी सवार को बचाने में पलटी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, चालक घायल
मड़वारानी के पास हुआ हादसा, चार लोग थे सवार, बाकी सुरक्षित
कोरबा। कोरबा की ओर जा रही बम्हनीडीह क्षेत्र की एक स्कॉर्पियो वाहन रविवार को मड़वारानी के समीप अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन क्रमांक CG11 AU 6200 एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कॉर्पियो में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक के पैरों में चोट आई है, जबकि अन्य तीन सवार पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
एम्बुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्कूटी सवार सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई, उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। समय रहते नियंत्रण की कोशिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और अचानक मोड़ को हादसे की वजह माना जा रहा है।
आवागमन कुछ समय रहा प्रभावित
दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस की सहायता से सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।