सिवनी स्कूल में समर कैंप ने बच्चों में जगाई रचनात्मकता की लौ
बच्चों में जगाई रचनात्मकता की लौ

सिवनी स्कूल में समर कैंप ने बच्चों में जगाई रचनात्मकता की लौ
जांजगीर-चाम्पा : राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ रायपुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर-चांपा के निर्देशानुसार विकासखंड बलौदा के बालक प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिवनी में 20 दिवसीय समर कैंप का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
इस कैंप में प्रतिदिन सुबह दो घंटे प्रभारी शिक्षक अशोक तिवारी एवं यशवंत देवांगन के मार्गदर्शन में बच्चों को विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक, रचनात्मक व खेल आधारित गतिविधियों से जोड़ा गया।
प्राथमिक स्तर पर बच्चों ने आर्ट एंड क्राफ्ट के माध्यम से पौधों व जानवरों की जानकारी, पहेलियां हल करना तथा कहानी लेखन जैसी गतिविधियों में भाग लिया। पूर्व माध्यमिक स्तर पर पेपर ओरिगेमी, रचनात्मक लेखन, डायरी लेखन और गणितीय कौशल जैसे आकृति पहचान, मापन व संख्याओं के खेल के माध्यम से समझ को मजबूत किया गया।
विज्ञान प्रयोगशाला में मिट्टी के खिलौने बनाना, शरीर की संरचना, स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा अंतरिक्ष और फसलों की जानकारी दी गई। “आसपास की दुनिया” विषय के अंतर्गत समय प्रबंधन, यातायात, संचार, बाजार, ग्राम सर्वेक्षण, सामाजिक संस्थाएं और चुनाव प्रक्रिया को बच्चों ने खेल-खेल में समझा।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा सुझाए गए गणितीय खेलों, कहानियों व अमाराइट के तहत पत्तियों, औजारों, छत्तीसगढ़ी गहनों व घर की वस्तुओं से संबंधित प्रोजेक्ट भी कराया गया।
सांस्कृतिक सप्ताह में बच्चों ने नाटक, कविता वाचन, कहानी कहने जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन दिवस पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यह कैंप उनके लिए सीखने और आनंद का अनूठा अनुभव रहा।
प्रधान पाठक राजू देवांगन, शिक्षक अशोक तिवारी व यशवंत देवांगन ने प्रतिभागी बच्चों को कंपास, पानी की बोतल एवं कॉपी देकर सम्मानित किया। कैंप के दौरान सभी बच्चों को प्रतिदिन नाश्ता भी प्रदान किया गया।