साय सरकार ने बिजली राहत पर चलाई ‘कैंची’, जनता की जेब काटने का नया फरमान — बालेश्वर साहू का हमला
400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट तक सीमित की गई ‘बिजली बिल हाफ योजना’, विधायक बोले, यह जनहित पर सीधा वार
साय सरकार ने बिजली राहत पर चलाई ‘कैंची’, जनता की जेब काटने का नया फरमान — बालेश्वर साहू का हमला
400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट तक सीमित की गई ‘बिजली बिल हाफ योजना’, विधायक बोले, यह जनहित पर सीधा वार
जांजगीर-चाम्पा। “जनता को राहत नहीं, लूट की रियायत दे रही है साय सरकार” यह कहना है जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू का, जिन्होंने भाजपा सरकार के ‘बिजली बिल हाफ योजना’ में की गई कटौती को जनता के साथ खुला धोखा करार दिया।
साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली खपत पर आधा बिल भरने की सुविधा से लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। लेकिन 1 अगस्त से भाजपा सरकार ने यह सीमा घटाकर महज 100 यूनिट कर दी है, जिससे ज्यादातर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवार योजना से बाहर हो जाएंगे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा — “एक हाथ से 1000 रुपये की ‘महतारी वंदन योजना’ देकर सरकार दूसरे हाथ से बिजली, गैस और खाद की महंगाई के जरिए कई गुना वसूल रही है। 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा भी आज तक झूठ साबित हुआ है।”
विधायक ने कहा कि महंगाई ने रसोई का चूल्हा ठंडा कर दिया है और बिजली की बढ़ी दरों ने आम आदमी की जेब में छेद कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी, चाहे सड़क पर उतरना पड़े या सदन में सरकार को घेरना पड़े।