धान बोआई के बीच सहकारी समिति की लापरवाही, किसानों को नहीं मिल रहा यूरिया खाद, खेती पर संकट
“कर्ज पर खाद देने से समिति का इंकार… किसान सड़क पर उतरने को मजबूर, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल”
धान बोआई के बीच सहकारी समिति की लापरवाही, किसानों को नहीं मिल रहा यूरिया खाद, खेती पर संकट
“कर्ज पर खाद देने से समिति का इंकार… किसान सड़क पर उतरने को मजबूर, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल”
जांजगीर-चांपा। धान की बुवाई के बीच किसानों को यूरिया खाद न मिलने से गांव-गांव में आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति और बैंक की लापरवाही के कारण उन्हें कर्ज पर खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। हालात यह हैं कि जिन किसानों ने बैंक से कर्ज लेकर खेती-किसानी शुरू की है, उन्हें अब बोआई रोकने की नौबत आ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि समिति में खाद का स्टॉक होने के बावजूद किसानों को टालमटोल कर वापस लौटा दिया जाता है। समय पर खाद नहीं मिलने से धान की पैदावार प्रभावित होना तय है। किसानों ने इसे “जानबूझकर की जा रही मनमानी” बताया और कहा कि यदि तुरंत व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन की राह पर उतरने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचेगा।
किसानों ने विधायक और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न हुआ तो सहकारी समिति और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
शिकायत पत्र में कृषक चेतना मंच के पदाधिकारी संदीप तिवारी, बालसाय ठाकुर, शिवलाल निषाद, मोतीलाल साहू, सिताराम कुशवाहा, अजय यादव समेत कई अन्य किसानों ने हस्ताक्षर कर सहकारी समिति और बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।