पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में अप्रेंटिसशिप के लिए उत्साह, 75 पदों पर 228 आवेदन
मुख्यालय में शुरू हुआ दस्तावेज सत्यापन, विज्ञान संकाय अभ्यर्थियों की कल होगी जांच
पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में अप्रेंटिसशिप के लिए उत्साह, 75 पदों पर 228 आवेदन
मुख्यालय में शुरू हुआ दस्तावेज सत्यापन, विज्ञान संकाय अभ्यर्थियों की कल होगी जांच
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड में एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल 75 अप्रेंटिस पदों के लिए 228 अभ्यर्थियों ने आवेदन प्रस्तुत किए हैं। डगनिया स्थित कंपनी मुख्यालय में मानव संसाधन विभाग द्वारा आज से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दस्तावेज परीक्षण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। इसी क्रम में कल विज्ञान संकाय से संबंधित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रित किया गया है। सत्यापन के दौरान शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित इस एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य स्ट्रीम के 25 ग्रेजुएट अप्रेंटिस एवं 50 टेक्नीशियन अप्रेंटिस का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी के विभिन्न कार्यस्थलों पर एक वर्ष तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सकेगा।
प्रशिक्षण अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण मंडल (पश्चिमी क्षेत्र), मुंबई द्वारा दक्षता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को कंपनी के कार्यस्थल पर उपलब्ध चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधा भी दी जाएगी।
इस अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, सिविल, विज्ञान संकाय सहित डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित ग्रेजुएट अप्रेंटिस को प्रशिक्षण अवधि में 12,300 रुपये मासिक तथा टेक्नीशियन अप्रेंटिस को 10,900 रुपये मासिक छात्रवृत्ति (वजीफा) प्रदान किया जाएगा।