क्राइमछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़दुनियादेशराज्यलोकल न्यूज़

जांजगीर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, मास्टरमाइंड रामनाथ घायल

पुलिस की घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली

जांजगीर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, मास्टरमाइंड रामनाथ घायल

पुलिस की घेराबंदी तोड़ने की कोशिश में फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली

दो रातों में शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र में पांच वारदातें, लूट और हत्या के प्रयास से दहशत फैलाने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना शिवरीनारायण एवं थाना पामगढ़ क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर हुई लूटपाट, गंभीर मारपीट और हत्या के प्रयास की घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में कुल पांच स्थानों पर सुनियोजित ढंग से वारदातें की गईं। इन घटनाओं में 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बिलासपुर एवं रायपुर के अस्पतालों में जारी है। एक घायल के कोमा में होने की जानकारी भी सामने आई है।

घेराबंदी के दौरान फायरिंग

लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गिरोह की घेराबंदी की। इसी दौरान मास्टरमाइंड रामनाथ ने पुलिस की घेराबंदी से निकलने के लिए देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामनाथ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में ले लिया गया। घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आतंक मचाने वाला गिरोह

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह रात के समय मोटरसाइकिलों से सुनसान और अंधेरे रास्तों पर घूमता था। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर रॉड, लोहे के पाइप और डंडों से प्राणघातक हमला किया जाता था। इसके बाद मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर आरोपी फरार हो जाते थे। वारदातों के जरिए क्षेत्र में भय का माहौल बनाना इनका उद्देश्य था।

घायलों की स्थिति

शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं में कचंदा, बोईदा और बोर्ड गांव के कई लोग घायल हुए। इनमें से मुकेश रायसागर और अमन बंजारे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जो बिलासपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।

वहीं पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोनसरी, खोखरी, बारगांव, भवतरा और कचंदा गांव के लोग हमलों में घायल हुए, जिनमें लक्ष्मण यादव को गंभीर चोटें आई हैं।

जप्ती और बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडे, बेल्ट, तीन मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी, सात मोबाइल फोन, लूटे गए तीन मोबाइल तथा ₹9,000 नगद जप्त किए हैं। कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग ₹4.09 लाख आंकी गई है।

आरोपी और कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। मास्टरमाइंड रामनाथ मुठभेड़ में घायल हुआ है। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ में दर्ज विभिन्न अपराधों के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज सुबह 11:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है, जिसमें पुलिस द्वारा कार्रवाई का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!