मुंगेली स्वास्थ्य विभाग का मामला पहुंचा संभाग आयुक्त के पास
रिक्त तीन पदों पर नियम विरुद्ध पांच की भर्ती, शिकायतकर्ता ने वर्षों बाद फिर से उठाया मामला
मुंगेली स्वास्थ्य विभाग का मामला पहुंचा संभाग आयुक्त के पास
रिक्त तीन पदों पर नियम विरुद्ध पांच की भर्ती, शिकायतकर्ता ने वर्षों बाद फिर से उठाया मामला
बिलासपुर। मुंगेली जिले के स्वास्थ्य विभाग में वर्ष 2012-13 के दौरान चतुर्थ श्रेणी पदों पर की गई भर्ती का मामला एक बार फिर सामने आया है। तीन रिक्त पदों के विरुद्ध नियमों को दरकिनार कर पांच लोगों की नियुक्ति किए जाने के इस प्रकरण को लेकर शिकायतकर्ता संदीप सिंह ठाकुर द्वारा अब बिलासपुर संभाग आयुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है।
शिकायतकर्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का पालन नहीं किया गया। निर्धारित तीन स्वीकृत रिक्त पदों के स्थान पर पांच नियुक्तियां की गईं। इनमें दो पदों पर अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों का चयन किया गया, जबकि एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित पद को विलोपित कर उस पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवार की नियुक्ति कर दी गई। इस प्रक्रिया को आरक्षण नियमों के विपरीत बताया गया है।
बताया जा रहा है कि उक्त मामले की शिकायत पूर्व में कलेक्टर जनदर्शन में भी की गई थी, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। वर्षों बाद मामला पुनः उठने पर शिकायतकर्ता द्वारा संभाग आयुक्त बिलासपुर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) द्वारा इस पूरे मामले की जांच पूरी कर ली गई है, हालांकि अब तक न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है और न ही किसी प्रकार की विभागीय कार्रवाई सामने आई है।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा यह मामला अब संभाग स्तर पर पहुंचने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। शिकायत के बाद संभाग आयुक्त कार्यालय द्वारा आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।