अपराध और नशे के खिलाफ गांव की महिलाओं ने संभाली कमान
पुलिस के साथ मिलकर ग्राम पिसौद में बनी 80 सदस्यीय महिला कमांडो टीम, गांव को अपराध मुक्त बनाने का लिया संकल्प
अपराध और नशे के खिलाफ गांव की महिलाओं ने संभाली कमान
पुलिस के साथ मिलकर ग्राम पिसौद में बनी 80 सदस्यीय महिला कमांडो टीम, गांव को अपराध मुक्त बनाने का लिया संकल्प
जांजगीर-चाम्पा : जिले में अपराध एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम पिसौद में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। गांव को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से गठित इस टीम में 80 महिलाओं को शामिल किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पिसौद स्थित कूटी आश्रम में किया गया, जहां गांव के सरपंच, पंच, बीडीसी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई एवं रोकथाम के लिए महिला कमांडो टीमों का गठन किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में ग्राम पिसौद में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। महिला कमांडो टीम का गठन ग्राम सरपंच धजाराम साहू के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे ने महिला कमांडो टीम की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह टीम गांव में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में पुलिस का सहयोग करेगी। उन्होंने महिलाओं को सतर्क रहते हुए सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला कमांडो टीम एवं ग्रामीणों को थाने का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया और किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना मिलने पर तत्काल थाने को अवगत कराने की समझाइश दी। उन्होंने यह भी बताया कि सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी, जिससे ग्रामीण बिना भय के सहयोग कर सकें।
पुलिस अधिकारियों ने महिला कमांडो टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव में सकारात्मक वातावरण बनेगा और अपराध तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। महिला कमांडो टीम को पुलिस का प्रतिनिधि बनकर कार्य करने एवं आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पिसौद में महिला कमांडो टीम के गठन से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस एवं महिला कमांडो टीम के संयुक्त प्रयासों से गांव को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।