छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़दुनियादेशराज्यलोकल न्यूज़

नैला रेलवे फाटक की समस्या पर फूटा जनआक्रोश, नगर बंद और चक्काजाम से थमा शहर

रोजाना लगने वाले जाम से वर्षों से परेशान लोग, समाधान नहीं मिलने पर आंदोलन तेज

नैला रेलवे फाटक की समस्या पर फूटा जनआक्रोश, नगर बंद और चक्काजाम से थमा शहर

रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक

रोजाना लगने वाले जाम से वर्षों से परेशान लोग, समाधान नहीं मिलने पर आंदोलन तेज

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला रेलवे फाटक की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर गुरुवार को क्षेत्र में व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला। रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर शहर में नगर बंद और चक्काजाम का बड़ा आंदोलन किया गया, जिसमें व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।

आंदोलन का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने किया। इस दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संघ, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल हुए। शहर के प्रमुख बाजार बंद रहे और कई स्थानों पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया गया।

बताया जा रहा है कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन के पास स्थित नैला रेलवे फाटक पर रोजाना लंबे समय तक जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। इस समस्या के कारण वर्षों से क्षेत्र के नागरिक रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग करते आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लंबे समय से समाधान नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी, जिसके चलते शहरवासियों ने नगर बंद और चक्काजाम के माध्यम से अपनी मांग को प्रमुखता से उठाया।

विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि नैला रेलवे फाटक की समस्या लंबे समय से क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। कई बार रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा कर समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की परेशानी को देखते हुए आंदोलन किया जा रहा है और जब तक रेल ओवरब्रिज निर्माण सहित अन्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि यह आंदोलन क्षेत्र की हजारों जनता की रोजमर्रा की परेशानी को खत्म करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से मरीज, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक रोजाना प्रभावित होते हैं। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है।

आंदोलन के दौरान नागरिकों ने रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की और जल्द से जल्द इस समस्या के स्थायी समाधान की अपेक्षा जताई। नगर बंद और चक्काजाम के कारण शहर में कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!