गैस संकट से जूझ रहा शिवरीनारायण, उपभोक्ताओं की लंबी कतारें, संचालक के रवैये पर उठे सवाल
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, फोन नहीं उठाने और दुर्व्यवहार की शिकायतें
गैस संकट से जूझ रहा शिवरीनारायण, उपभोक्ताओं की लंबी कतारें, संचालक के रवैये पर उठे सवाल
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर, फोन नहीं उठाने और दुर्व्यवहार की शिकायतें
तीन-तीन दिन से चूल्हा ठंडा, घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता दोनों परेशान
शिवरीनारायण। नगर में इन दिनों घरेलू गैस को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। श्री महावीर भारत गैस एजेंसी के संचालन को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। गैस सिलेंडर की उपलब्धता में देरी, बुकिंग प्रक्रिया में परेशानी और एजेंसी संचालक के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उन्हें तीन दिन पहले बुकिंग कराने को कहा जा रहा है, इसके बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है। नगर में गैस वाहन द्वारा घर-घर वितरण भी प्रभावित बताया जा रहा है, जिससे लोगों को एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गैस एजेंसी के बाहर इन दिनों उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सिलेंडर लेने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि एजेंसी का फोन नंबर अक्सर नहीं उठाया जाता, जिससे जानकारी प्राप्त करने में भी दिक्कत हो रही है।
तीन दिनों से नहीं जला चूल्हा
लाइन में खड़े उपभोक्ता महेंद्र साहू ने बताया कि उनके घर में पिछले तीन दिनों से गैस नहीं है। उन्होंने कहा कि सुबह से चूल्हा नहीं जल पा रहा है, जिससे परिवार को भोजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कभी पड़ोसियों के यहां तो कभी बाजार से खाना लेकर गुजारा करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एक सिलेंडर के लिए पूरा दिन लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे काम-धंधा भी प्रभावित हो रहा है।
घरेलू के साथ व्यावसायिक उपभोक्ता भी प्रभावित
इस समस्या से केवल घरेलू उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि छोटे व्यापारी भी प्रभावित हो रहे हैं। होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों का कहना है कि गैस की कमी के कारण उनका कामकाज भी प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नगर के लोगों ने संबंधित व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि गैस आपूर्ति सामान्य हो सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।