खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध गैस उपयोग पर शिकंजा
रेस्टोरेंट, ढाबा और डेयरी से 32 सिलेंडर समेत चूल्हे-उपकरण जब्त
खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध गैस उपयोग पर शिकंजा
रेस्टोरेंट, ढाबा और डेयरी से 32 सिलेंडर समेत चूल्हे-उपकरण जब्त
घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर कड़ी निगरानी, जिले में अभियान जारी
जांजगीर-चांपा। जिले में कुकिंग गैस के अवैध भंडारण और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और संबंधित उपकरण जब्त किए हैं।
खाद्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड अकलतरा के ग्राम पंचायत अमरताल स्थित श्री आनंदम रिजॉर्ट के अंतर्गत संचालित मिस्टर वेज रेस्टोरेंट की जांच के दौरान द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन के मामले सामने आए। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान से 28 नग व्यावसायिक गैस सिलेंडर एवं 01 नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
इसी क्रम में तिलई स्थित रोड़ा ढाबा में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 03 नग घरेलू गैस सिलेंडर, तीन बर्नर वाला चूल्हा 02 नग, एक बर्नर वाला चूल्हा 01 नग, एक गैस पाइप तथा एक रेगुलेटर जब्त किया गया।
वहीं, जांजगीर मुख्यालय के कलेक्टोरेट चौक स्थित श्री कृष्णा डेयरी एंड डेली नीड्स में भी घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग की पुष्टि होने पर 01 नग घरेलू गैस सिलेंडर एवं एक बर्नर वाला चूल्हा जब्त किया गया।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में कुकिंग गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा घरेलू गैस के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।