CGKHABARNAMA की खबर का असर : खाली कुर्सी मामले में प्रशासन हरकत में,,औचक निरीक्षण में कलेक्टर पहुंचे समाज कल्याण कार्यालय, उपसंचालक को नोटिस
समयपालन और लंबित कार्यों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
CGKHABARNAMA की खबर का असर : खाली कुर्सी मामले में प्रशासन हरकत में,,औचक निरीक्षण में कलेक्टर पहुंचे समाज कल्याण कार्यालय, उपसंचालक को नोटिस
समयपालन और लंबित कार्यों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
जांजगीर-चांपा। समाज कल्याण विभाग में उपसंचालक की अनुपस्थिति को लेकर CGKHABARNAMA में प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। खबर के प्रकाशन के दूसरे ही दिन कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने समाज कल्याण विभाग के कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को वही स्थिति देखने को मिली, जिसकी ओर खबर में संकेत किया गया था। उपसंचालक समाज कल्याण निर्धारित समय से विलंब से कार्यालय पहुंचे, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण के दौरान बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, विशेषकर समाज कल्याण विभाग से जुड़े हितग्राहियों के कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि किसी को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और फाइलों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही कार्यालयों में जवाबदेही, पारदर्शिता और कार्यकुशलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई को विभागीय व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।