छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

भैंसमुड़ी में आंगनबाड़ी केंद्रों की मनमानी: 9.30 की जगह 11 बजे खुलते हैं ताले, 1.30 बजे फिर बंद

ग्राम पंचायत के तीनों केंद्रों का एक जैसा हाल, सुबह 10.15 बजे तक नहीं खुले केंद्र क्रमांक 1 और 3

भैंसमुड़ी में आंगनबाड़ी केंद्रों की मनमानी: 9.30 की जगह 11 बजे खुलते हैं ताले, 1.30 बजे फिर बंद

ग्राम पंचायत के तीनों केंद्रों का एक जैसा हाल, सुबह 10.15 बजे तक नहीं खुले केंद्र क्रमांक 1 और 3

नौनिहालों के पोषण और प्राथमिक शिक्षा पर संकट, ग्रामीणों ने उठाए सुपरवाइजर की निगरानी पर सवाल

जांजगीर-चाम्पा। जिले के नवागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत भैसमुड़ी में शासन द्वारा बच्चों को सुपोषित करने और प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में निर्धारित समय का पालन नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 और 3 तीनों सामान्यतः लगभग 11 बजे खुलते हैं और दोपहर करीब 1.30 बजे बंद हो जाते हैं, जबकि शासन ने केंद्रों के संचालन का समय सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक निर्धारित किया है।

सुबह 10.15 बजे तक बंद मिले ताले

मौके पर देखने पर आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 और 3 सुबह 10.15 बजे तक भी नहीं खुले थे, जबकि केंद्र खुलने का निर्धारित समय सुबह 9.30 बजे है। आसपास के लोगों ने बताया कि तीनों केंद्रों की स्थिति लगभग एक जैसी रहती है। वहीं केंद्र क्रमांक 3 आज खुला हुआ जरूर मिला, लेकिन इसकी वजह नियमित संचालन नहीं थी। बताया गया कि मोहल्ले में हुए एक आकस्मिक निधन के बाद संबंधित कार्यक्रम की व्यवस्था इसी केंद्र में की गई थी, जिसकी आज साफ-सफाई की जा रही थी।

शासन की मंशा: पूरे दिन संचालन, गतिविधि, भोजन और गृह भेंट

शासन के निर्देशों के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों को सुबह 9.30 से दोपहर 3.30 बजे तक खोला जाना है। इस अवधि में बच्चों को केंद्र लाना, उनसे गतिविधियां कराना, भोजन खिलाना तथा हितग्राहियों के घर जाकर गृह भेंट करना आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। शासन का उद्देश्य है कि संचालित तमाम योजनाओं का पूरा लाभ हितग्राहियों को शासन की मंशा के अनुरूप मिले।

हितग्राही लाभ से वंचित, बच्चों पर सबसे ज्यादा असर की आशंका

केंद्रों के देर से खुलने और जल्दी बंद होने से हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। सबसे अधिक असर छोटे बच्चों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि पोषण आहार और गतिविधियों में अनियमितता से उनके शारीरिक विकास के साथ बौद्धिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के दो आंगनबाड़ी केंद्रों के खुलने का समय नियमित रूप से 11 बजे के बाद और बंद होने का समय लगभग 1.30 बजे है। ग्रामीणों के इस स्पष्ट कथन के बाद क्षेत्र की सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। लोगों का कहना है कि यदि नियमित निरीक्षण और जांच-पड़ताल सही तरीके से होती, तो इस तरह की स्थिति लंबे समय तक नहीं बनी रहती।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कराएं और केंद्रों का संचालन निर्धारित समय पर सुनिश्चित कराएं, ताकि बच्चों और अन्य हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!