Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
Uncategorizedछत्तीसगढ़देशधर्मराज्यलोकल न्यूज़

कृष्णमय हुआ जांजगीर-चांपा, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

यादव समाज एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति के तीन दिवसीय महोत्सव में बाइक रैली से लेकर भजन संध्या और सामाजिक भोज तक हुए विविध आयोजन

कृष्णमय हुआ जांजगीर-चांपा, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

यादव समाज एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति के तीन दिवसीय महोत्सव में बाइक रैली से लेकर भजन संध्या और सामाजिक भोज तक हुए विविध आयोजन

 

जांजगीर-चांपा। यादव समाज जिला जांजगीर-चांपा एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जांजगीर एवं बलौदा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में यादव समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। महोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।

महोत्सव के अंतर्गत बाइक रैली, राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता, झूला एवं मटका साज-सज्जा प्रतियोगिता, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजन संध्या, सामाजिक भोज तथा भव्य शोभायात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अलग-अलग कार्यक्रमों में समाज के महिला, युवा एवं वरिष्ठ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

बाइक रैली में दिया शिक्षा और संस्कार का संदेश

महोत्सव के तहत आयोजित बाइक रैली में मुख्य अतिथि देवेंद्र यादव, विधायक भिलाई शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और शिक्षाओं का स्मरण करते हुए समाज के युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन युवाओं को कर्तव्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

महोत्सव के प्रमुख आकर्षण भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों के बीच निकली शोभायात्रा से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और उत्साह के साथ शोभायात्रा में सहभागिता की।

शोभायात्रा के अवसर पर मुख्य अतिथि पी.एल. यादव, उपायुक्त, दुर्ग संभाग छत्तीसगढ़ ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने यादव समाज द्वारा आयोजित महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

महिलाओं और युवाओं की सहभागिता की सराहना

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रज्ञा यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बम्हनीडीह ने की। उन्होंने महोत्सव में समाज की महिलाओं एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं और युवाओं की बढ़ती भागीदारी को समाज के लिए सकारात्मक बताया।

सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा

महोत्सव के दौरान जांजगीर विधायक व्यास कश्यप ने यादव समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। घोषणा का समाजजनों ने स्वागत करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

महोत्सव के दौरान समाज के प्रतिभावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। राधा-कृष्ण रूप सज्जा, झूला एवं मटका साज-सज्जा जैसी प्रतियोगिताओं ने भी आयोजन में आकर्षण बढ़ाया।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजन संध्या और सामाजिक भोज सहित विभिन्न कार्यक्रमों में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजकों द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में एकता, संस्कार और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।

जिलाध्यक्ष ने जताया आभार

यादव समाज जिला जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष विनोद गोपाल ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, प्रशासन, पुलिस तथा समस्त समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सहभागिता और सहयोग से तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!