चिकन के बंटवारे पर विवाद में बड़े भाई पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
बुंदेला डेरा में छोटे भाई ने बड़े भाई और बीच-बचाव करने पहुंची भाभी को किया घायल, राहौद पुलिस सहायता केंद्र की त्वरित कार्रवाई; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

चिकन के बंटवारे पर विवाद में बड़े भाई पर टांगी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
बुंदेला डेरा में छोटे भाई ने बड़े भाई और बीच-बचाव करने पहुंची भाभी को किया घायल, राहौद पुलिस सहायता केंद्र की त्वरित कार्रवाई; आरोपी न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। चिकन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के बुंदेला डेरा में छोटे भाई ने कम हिस्सा मिलने की बात पर बड़े भाई पर लोहे की टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भाभी पर भी टांगी से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र राहौद की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के निर्देशन में पुलिस सहायता केंद्र राहौद प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय ने घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता से आरोपी बजरंग गोंड को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया।
21 अगस्त की शाम चिकन बांटने के दौरान शुरू हुआ विवाद
प्रार्थी बुधराम (40 वर्ष) ने थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे घर में चिकन बनाने के लिए उसका बंटवारा किया जा रहा था। इसी दौरान छोटे भाई बजरंग गोंड (20 वर्ष) ने अपने हिस्से में कम चिकन मिलने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी लोहे की टांगी उठाकर बुधराम की पीठ पर वार कर दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी पर भी आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए टांगी से हमला किया। सिर के पीछे वार लगने से वह भी घायल हो गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म, निशानदेही पर टांगी बरामद
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी बजरंग गोंड ने अपराध करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी को घर के पास घास के पीछे से बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी बजरंग गोंड, उम्र 20 वर्ष, निवासी बुंदेला, थाना शिवरीनारायण को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




