साजापाली की उचित मूल्य दुकान संचालक पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप
ग्रामीण ने दुकान संचालक पर जुलाई से राशन नहीं देने, घंटों इंतजार कराने और शिकायत करने पर धमकी देने का लगाया आरोप

साजापाली की उचित मूल्य दुकान संचालक पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप
ग्रामीण ने दुकान संचालक पर जुलाई से राशन नहीं देने, घंटों इंतजार कराने और शिकायत करने पर धमकी देने का लगाया आरोप
जांजगीर-चांपा। अकलतरा तहसील के ग्राम पंचायत साजापाली स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालन को लेकर ग्रामीण ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। ग्राम सोनाईडीह निवासी संतराम प्रधान ने 22 सितंबर 2026 को जिला प्रशासन को सौंपे शिकायत पत्र में उचित मूल्य दुकान के संचालक के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता किए जाने तथा हितग्राहियों को परेशान करने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसके परिवार के नाम से प्राथमिक राशन कार्ड संचालित है और इसी राशन कार्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत साजापाली स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त किया जाता है। आरोप है कि जुलाई 2026 से शिकायतकर्ता को राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है। राशन लेने के लिए दुकान पहुंचने पर लाइन में कई घंटे खड़े रहने के बाद राशन दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
निर्धारित दिनों में दुकान नहीं खुलने का भी आरोप
संतराम प्रधान ने शिकायत में बताया है कि उचित मूल्य दुकान सितंबर माह में 13 और 14 सितंबर को खुली थी तथा इसके बाद 20 सितंबर को दुकान खुलने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता का कहना है कि शासन के नियमानुसार उचित मूल्य की दुकान सप्ताह में निर्धारित दिनों तक संचालित किया जाना आवश्यक है, लेकिन दुकान के नियमित रूप से नहीं खुलने से हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि महीने के कुछ दिनों में दुकान खोलने पर हितग्राहियों की भीड़ अधिक हो जाती है, जिससे राशन लेने पहुंचे लोगों को काफी परेशानी होती है।

शिकायत करने पर धमकी देने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता ने दुकान संचालक पर कथित रूप से अभद्र व्यवहार और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि दुकान संचालक से दुकान के संचालन एवं राशन वितरण को लेकर बात करने पर कथित तौर पर यह कहा जाता है कि उसकी सभी जगह पहचान है और जहां शिकायत करनी हो, कर ली जाए। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में भी कार्रवाई की मांग की है।
संतराम प्रधान ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर उचित मूल्य दुकान के संचालन, राशन वितरण एवं हितग्राहियों को राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है।




