भंवतरा चौहरे हत्याकांड का त्वरित खुलासा: पिता-पुत्र गिरफ्तार
जमीन विवाद बना खूनी वारदात की वजह, चार लोगों की निर्मम हत्या का पर्दाफाश

भंवतरा चौहरे हत्याकांड का त्वरित खुलासा: पिता-पुत्र गिरफ्तार
जमीन विवाद बना खूनी वारदात की वजह, चार लोगों की निर्मम हत्या का पर्दाफाश
पुलिस की सक्रियता से चंद घंटों में सुलझा सनसनीखेज मामला, तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटनास्थल पर पहुंचीं एसपी निवेदिता पाल व एएसपी उमेश कश्यप, जांच में तेजी के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा। जिले के थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में हुए चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण के रूप में सामने आया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भंवतरा में अज्ञात हमलावर द्वारा एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप भी घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस एवं साइबर टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह के दायरे में आए मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनसाय कश्यप पूर्व में वर्ष 2009 में अपने सगे छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व जेल से रिहा होने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पूर्व में मृतक की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।




