रात ढाई बजे भड़की आग, अकलतरा पुलिस ने पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित निकाला
सिसोदिया कॉम्प्लेक्स की कपड़ा दुकान में लगी आग, सीढ़ियां लपटों की चपेट में आने के बावजूद चलाया रेस्क्यू; ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, आसपास की दुकानों को भी बचाया

रात ढाई बजे भड़की आग, अकलतरा पुलिस ने पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित निकाला
सिसोदिया कॉम्प्लेक्स की कपड़ा दुकान में लगी आग, सीढ़ियां लपटों की चपेट में आने के बावजूद चलाया रेस्क्यू; ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, आसपास की दुकानों को भी बचाया
जांजगीर-चांपा। अकलतरा के अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में देर रात कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग के दौरान अकलतरा पुलिस की तत्परता से प्रथम तल पर फंसे पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे की है। आग की सूचना मिलते ही गश्त पर निकली पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और होमगार्ड जांजगीर तथा जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना अकलतरा का गश्त दल रात करीब 2:30 बजे अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास पहुंचा था। इस दौरान कॉम्प्लेक्स में संचालित कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंस से आग की तेज लपटें और धुआं निकलता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और आग से प्रभावित दुकान के ऊपर प्रथम तल पर परिवारों के निवासरत होने की सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सीढ़ियों तक पहुंची आग, फिर भी नहीं रुका रेस्क्यू अभियान
आग की लपटें प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों तक पहुंच चुकी थीं, जिसके कारण अंदर फंसे लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस टीम ने वैकल्पिक रास्ते से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए प्रथम तल पर रह रहे पांच परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में चार बच्चे, चार महिलाएं और अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
फायर ब्रिगेड की मदद से ढाई घंटे में आग पर पाया काबू
रेस्क्यू के बाद आग को नियंत्रित करने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट से फायर ब्रिगेड को तत्काल मौके पर बुलाया गया। अग्निशमन दल ने पुलिस के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका जा सका। इससे बड़ी जनहानि और व्यापक आगजनी की आशंका टल गई। रेस्क्यू किए गए परिवारों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस व अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।




