मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में अपात्र वर? पंचायत, आंगनबाड़ी, सुपरवाइजर और विभाग पर उठे सवाल
21 वर्ष का वर शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में 20 वर्ष 4 माह का; पात्रता प्रमाणित करने वाले हर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी से हो जवाब-तलब

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में अपात्र वर? पंचायत, आंगनबाड़ी, सुपरवाइजर और विभाग पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: सत्यापन की कड़ी में कहां चूक? पंचायत से लेकर विभाग तक जवाबदेही तय हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई
वर की उम्र पर दो सरकारी रिकॉर्ड में अंतर, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर और महिला बाल विकास विभाग के जिम्मेदारों की भूमिका जांच के घेरे में आने की मांग
21 वर्ष का वर शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में 20 वर्ष 4 माह का; पात्रता प्रमाणित करने वाले हर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी से हो जवाब-तलब
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी 2026 को संपन्न सामूहिक विवाह में वर की उम्र को लेकर दो सरकारी अभिलेखों में सामने आए अंतर ने सत्यापन की पूरी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब मांग उठ रही है कि मामले की जांच केवल जन्मतिथि के मिलान तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदन के सत्यापन से लेकर हितग्राही सूची को अंतिम रूप देने तक हर स्तर पर शामिल ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की भूमिका की गहन पड़ताल की जाए और दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो।
क्या है मामला
विभागीय जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की परियोजना जांजगीर-नवागढ़ क्रमांक-2 से प्राप्त हितग्राही सूची में 10 फरवरी 2026 को संपन्न विवाह की सूची के पांचवें क्रमांक पर वर रोहन का नाम दर्ज है। सूची में उसके पिता का नाम गोविंद, माता का नाम भुवनेश्वरी और निवास ग्राम अवरीद उल्लेखित है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की इस सूची में रोहन की जन्मतिथि 1 जनवरी 2005 दर्ज है, जिसके अनुसार विवाह के दिन उसकी उम्र 21 वर्ष से अधिक बनती है। वहीं सूचना के अधिकार के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ कार्यालय से प्राप्त सत्यापित दाखिल-खारिज रजिस्टर में उसकी जन्मतिथि 7 अक्टूबर 2005 अंकित है। इस हिसाब से विवाह के समय उसकी उम्र महज 20 वर्ष 4 माह थी, यानी निर्धारित वैधानिक आयु से लगभग 6 माह कम। दोनों अभिलेखों में करीब 9 माह का अंतर है।
सत्यापन की कड़ी पर उठे सवाल
योजना में हितग्राही के चयन की प्रक्रिया जमीनी स्तर से शुरू होती है। आवेदन और दस्तावेज पहले ग्राम स्तर पर एकत्र किए जाते हैं, जहां ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भूमिका अहम रहती है। इसके बाद पर्यवेक्षक के स्तर पर जांच और अनुशंसा होती है और फिर परियोजना तथा जिला स्तर पर सूची को अंतिम रूप दिया जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि इस पूरी शृंखला में किसी भी स्तर पर जन्म प्रमाणपत्र और शैक्षणिक अभिलेखों का आपस में मिलान क्यों नहीं हुआ?
जांच की मांग करने वालों के अनुसार निम्न बिंदुओं का स्पष्ट उत्तर आवश्यक है:
• आवेदन के साथ वर की उम्र के प्रमाण के रूप में कौन-सा दस्तावेज प्रस्तुत किया गया और किस दस्तावेज को पात्रता का आधार बनाया गया?
• ग्राम पंचायत स्तर पर आयु संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किस जिम्मेदार ने किया और क्या उसने मूल अभिलेखों से मिलान किया?
• आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने हितग्राही की जानकारी एकत्र करने और उसकी पुष्टि में क्या भूमिका निभाई?
• पर्यवेक्षक ने किस आधार पर आवेदन की अनुशंसा की?
• परियोजना कार्यालय से जिला स्तर तक सूची को किस अधिकारी ने अंतिम रूप दिया और क्या दस्तावेजों की जांच की गई?
हर स्तर की जिम्मेदारी तय करने की मांग
मामले में यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि यदि किसी स्तर पर वर की वास्तविक उम्र की जानकारी होने के बावजूद गलत जन्मतिथि के आधार पर पात्रता सुनिश्चित की गई, तो वह गंभीर लापरवाही या जानबूझकर की गई अनियमितता की श्रेणी में आएगा। वहीं, यदि किसी दस्तावेज में जानबूझकर गलत जानकारी दी गई है, तो उसके स्रोत और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मांग की जा रही है कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक और महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के बयान दर्ज कर उनकी भूमिका स्पष्ट की जाए। जिसकी भी चूक या मिलीभगत प्रमाणित हो, उसे बख्शा न जाए और विभागीय तथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो।
विभाग का पक्ष
जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने कहा है कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि पूरे रिकॉर्ड की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध निश्चित रूप से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी पहलू
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत पुरुष के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। यदि प्रमाणित अभिलेखों से यह स्थापित होता है कि विवाह के समय वर की उम्र 21 वर्ष से कम थी, तो विवाह कराने, उसमें सहयोग देने और उसे बढ़ावा देने वालों की भूमिका के आधार पर कानूनी कार्रवाई का प्रश्न उठता है। इसके साथ ही अपात्र हितग्राही को योजना में शामिल किए जाने की स्थिति में विभागीय एवं वित्तीय अनियमितता की जांच भी आवश्यक होगी।
जिले की पहचान पर भी सवाल
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले में बाल विवाह रोकने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जिले को नाबालिगों के विवाह रुकवाने के मामले में प्रदेश में अग्रणी बताया जाता रहा है। ऐसे में उसी विभाग की चयन और सत्यापन प्रक्रिया में उम्र को लेकर विसंगति सामने आना चिंता का विषय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में संपन्न इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर मांग है कि जिला प्रशासन निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराए, दोनों अभिलेखों की जन्मतिथि का मूल दस्तावेजों से मिलान हो और आवेदन तथा सत्यापन रिपोर्ट की जांच हो। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि जांच में जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होती है और दोषियों पर ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।



