महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सीमा शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन, नया तालाब की सफाई व पानी समस्या उठाई
जलकुंभी से पटा तालाब, दूषित पानी से बढ़ी परेशानी, 70-80 महिलाओं ने एकजुट होकर उठाई आवाज, नगर पालिका को भी भेजी गई ज्ञापन की प्रति

महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सीमा शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन, नया तालाब की सफाई व पानी समस्या उठाई
जलकुंभी से पटा तालाब, दूषित पानी से बढ़ी परेशानी, 70-80 महिलाओं ने एकजुट होकर उठाई आवाज, नगर पालिका को भी भेजी गई ज्ञापन की प्रति
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय के नया तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा के नेतृत्व में मोहल्ले की लगभग 70 से 80 महिलाओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तालाब की तत्काल सफाई एवं पानी की समस्या के निराकरण की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नया तालाब की कई वर्षों से सफाई नहीं होने के कारण पूरे तालाब में जलकुंभी फैल चुकी है, जिससे पानी गंदा और बदबूदार हो गया है। इसके बावजूद मोहल्लेवासी मजबूरीवश इसी तालाब के पानी का उपयोग निस्तारी के लिए कर रहे हैं। दूषित पानी के कारण क्षेत्र में खुजली जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।

महिलाओं ने बताया कि पूर्व पार्षद द्वारा भी कई बार तालाब की सफाई की मांग की गई थी, लेकिन नगर पालिका द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वर्तमान में तालाब की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन की एक प्रति मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जांजगीर को भी प्रेषित की गई है, ताकि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भगवान दास, अजीत सिंह राणा तथा नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामविलास राठौर भी उपस्थित रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों में श्रीमती अन्नपूर्णा पटेल, मोना केवट, सुमित्रा कश्यप, सुकबाई, राधिका कश्यप, मंतोषी केवट, इंद्राणी कश्यप, तेरस भाई यादव, संतरा बाई यादव, अनीता यादव, फोटो यादव सहित मोहल्ले की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर नया तालाब की सफाई कराए, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।



