
जेठा में शिवराज का ‘मेगा डेवलपमेंट पैकेज’
सक्ती को 121.70 करोड़ के 38 विकास कार्यों की सौगात, प्रदेश में 2 लाख परिवारों का गृह प्रवेश; 3.65 लाख नए पीएम आवास मंजूर
कृषि विज्ञान केंद्र की घोषणा से किसानों को बड़ी राहत की उम्मीद, बस्तर में आवास सर्वे की तारीख बढ़ी; ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत शिवराज ने लगाया कदम, साय ने रोपा बादाम
सक्ती। सक्ती जिले के जेठा में शुक्रवार का दिन विकास और जनकल्याण की कई बड़ी घोषणाओं का गवाह बना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सक्ती जिले को करीब 121.70 करोड़ रुपये के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। वहीं प्रदेश के 2 लाख नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवासों में गृह प्रवेश कराया गया और छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास मंजूर किए गए।
जेठा के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चौहान ने सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा कर क्षेत्र के किसानों को नई सौगात दी। बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा भी बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जेठा कॉलेज ग्राउंड स्थित हेलीपेड पर भव्य स्वागत किया गया। 50 सदस्यीय श्री सिद्धेश्वरनाथ महिला कर्मा पार्टी ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

2 लाख परिवारों को मिली पक्की छत की खुशियां
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्यस्तरीय गृह प्रवेश समारोह में प्रदेश के 2 लाख परिवारों ने अपने नए पक्के घर में प्रवेश किया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को नए घर की चाबी सौंपी। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में योजना के तहत आवास निर्माण तेजी से चल रहा है और प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को आवास के साथ उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, निःशुल्क राशन, शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।

छत्तीसगढ़ को 3.65 लाख और पीएम आवास
जेठा के मंच से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की बड़ी सौगात दी। अतिरिक्त आवासों की स्वीकृति संबंधी पत्र उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपा।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई थी। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।

सक्ती को 121.70 करोड़ की विकास सौगात, 23 कार्यों का भूमिपूजन, 15 विकास कार्यों का लोकार्पण
जेठा कार्यक्रम में सक्ती जिले के लिए कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनकी कुल लागत करीब 121 करोड़ 70 लाख रुपये है। 23 विकास कार्यों के लिए करीब 79.25 करोड़ रुपये का भूमिपूजन किया गया, जबकि 15 कार्यों का करीब 42.46 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण हुआ।

सड़क निर्माण को बड़ी प्राथमिकता
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इसी तरह करीब 15.30 करोड़ रुपये की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े, कर्राखई, ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य भी शामिल है। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित कई अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।
कॉलेज, अस्पताल, तहसील और थाना भवनों को मिली मंजूरी
कार्यक्रम में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई कार्यों को भी गति मिली। शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन तथा नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन और महतारी सदनों के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई।
वहीं करीब 42.46 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र की सड़क, देवरघटा से ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क, बुंदेली-अड़भार मार्ग, जल जीवन मिशन के सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर एवं हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन तथा डभरा, चंद्रपुर एवं जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन शामिल हैं। इसके अलावा अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य कार्य जनता को समर्पित किए गए।

सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र, किसानों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है और अब प्रदेश धान के साथ सब्जी उत्पादन में भी आगे बढ़ रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों को लाभ मिल रहा है और अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है।
गांवों के विकास में बारकोड से बढ़ेगी पारदर्शिता
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों पर बारकोड लगाया जा रहा है। नागरिक बारकोड स्कैन कर संबंधित विकास कार्य की जानकारी हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को केवल आवास तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। शिक्षा, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जेठा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश, शिवराज ने लगाया कदम, मुख्यमंत्री साय ने रोपा बादाम का पौधा
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जेठा कॉलेज ग्राउंड में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। केंद्रीय मंत्री ने कदम का पौधा लगाया, जबकि मुख्यमंत्री ने बादाम का पौधा रोपा। इस दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली विस्तार के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य विद्या सिदार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा, पूर्व मंत्री मेघाराम साहू, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, पूर्व विधायक केशव चंद्रा, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, टिकेश्वर गबेल, कृष्ण कांत चंद्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में हितग्राही और आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। जेठा का यह आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश से लेकर जिले के विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन, कृषि विज्ञान केंद्र की घोषणा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण तक कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का केंद्र रहा।




