अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 हाईवा समेत 8 वाहन जब्त
बम्हनीडीह, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र में संयुक्त जांच; रेत, गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज

अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 हाईवा समेत 8 वाहन जब्त
बम्हनीडीह, बिर्रा और शिवरीनारायण क्षेत्र में संयुक्त जांच; रेत, गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज
जांजगीर-चांपा। जिले में रेत एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनिज परिवहन करते पाए गए 3 हाईवा और 5 ट्रैक्टर सहित कुल 8 वाहनों को जब्त किया है।
संयुक्त जांच दल ने बम्हनीडीह क्षेत्र के पिपरदा, पुछेली, बिर्रा, गतवा सहित शिवरीनारायण क्षेत्र में औचक जांच की। जांच के दौरान ग्राम पिपरदा में एक हाईवा को खनिज का अवैध परिवहन करते पाया गया। इसी तरह बिर्रा क्षेत्र में दो ट्रैक्टर तथा शिवरीनारायण क्षेत्र में तीन ट्रैक्टरों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
इसके अलावा केवा नवापारा क्षेत्र में दो हाईवा को भी खनिज का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ बिर्रा एवं शिवरीनारायण पुलिस थाना तथा कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है।
रेत के पांच, गिट्टी और ईंट के भी प्रकरण
खनिज विभाग के अनुसार कार्रवाई में कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें रेत के अवैध परिवहन के पांच प्रकरण, गिट्टी के अवैध परिवहन का एक प्रकरण तथा ईंट से संबंधित दो प्रकरण शामिल हैं। विभाग द्वारा जब्त वाहनों और संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी रहेगा जांच अभियान
प्रशासन द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए जांच अभियान तेज किया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।




