क्राइमछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़

भंवतरा में खूनी वारदात: एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या से दहला गांव

भंवतरा में खूनी वारदात: एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या से दहला गांव

टांगी से ताबड़तोड़ हमला, दादा-दादी समेत नातिन और नाती की मौके पर मौत

पुराने जख्म फिर हरे, 16-17 साल पहले बेटे की हत्या के बाद अब पूरे परिवार पर टूटा कहर

मासूम उम्मीदों और बुजुर्ग सहारे का एक साथ अंत, गांव में पसरा सन्नाटा और दहशत

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि गांव के एक कच्चे मकान में रहने वाला परिवार रात के समय गहरी नींद में था। इसी दौरान देर रात अज्ञात आरोपी घर में घुसे और टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि घर में सो रहे चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65 वर्ष), 25 वर्षीय नातिन मोगरा और 17 वर्षीय नाती पीतांबर शामिल हैं। चारों एक ही घर में साथ रहते थे और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे।

सुबह जब गांव में दिनचर्या शुरू हुई तो पड़ोसियों को घर में कोई हलचल नजर नहीं आई। संदेह होने पर ग्रामीण जब घर के अंदर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। चारों शव खून से लथपथ पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार, यह परिवार पहले से ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका था। करीब 16-17 वर्ष पूर्व मेदनी प्रसाद के बेटे सोनसाय कश्यप की भी हत्या हुई थी। अब एक ही रात में परिवार के चार सदस्यों की हत्या ने गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

विशेष रूप से मोगरा और पीतांबर की मौत से गांव के लोग भावुक हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अपने दादा-दादी का सहारा थे और गांव में शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे।

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच के माध्यम से पुलिस थाना शिवरीनारायण को अवगत कराया गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

फिलहाल गांव में भारी संख्या में लोग एकत्रित हैं और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!