Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार, 15 दिन में सुधार नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

अर्जुनी, करूमहू, रसेड़ा, रोगदा, मुरलीडीह और अमोरा के पहुंच मार्ग बदहाल; गड्ढों के कारण स्कूली बसों, एंबुलेंस और आम राहगीरों को हो रही परेशानी

जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार, 15 दिन में सुधार नहीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

अर्जुनी, करूमहू, रसेड़ा, रोगदा, मुरलीडीह और अमोरा के पहुंच मार्ग बदहाल; गड्ढों के कारण स्कूली बसों, एंबुलेंस और आम राहगीरों को हो रही परेशानी

अकलतरा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित अकलतरा क्षेत्र के विभिन्न पहुंच मार्गों की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क सुधार की मांग उठाई है। इस संबंध में जिला कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अकलतरा को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में प्रशासन को 15 दिवस की समय-सीमा देते हुए निर्धारित अवधि में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि NH-49 फोरलेन से ग्राम पंचायत अर्जुनी, करूमहू एवं रसेड़ा को जोड़ने वाला पहुंच मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। इसी तरह NH-49 फोरलेन फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे से ग्राम पंचायत रोगदा, मुरलीडीह एवं अमोरा तक जाने वाले मार्ग की स्थिति भी खराब हो चुकी है। दोनों मार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर स्कूली बच्चों, स्कूली बसों, मरीजों और आम राहगीरों के आवागमन पर पड़ रहा है। एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी इन मार्गों से गुजरने में कठिनाई हो रही है। जर्जर सड़कों और गड्ढों के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

इन मार्गों पर तत्काल सुधार की मांग

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से दोनों सड़क मार्गों का तत्काल निरीक्षण कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढों का भराव, आवश्यक मरम्मत और अन्य राहत-सुधार कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई है। साथ ही संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर ग्रामीणों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़कें क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क सड़कें हैं। इनकी खराब स्थिति के कारण रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए 15 दिवस के भीतर सड़क सुधार कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में सड़क सुधार कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो ग्रामीणों एवं समर्थकों द्वारा आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

इस मांग को स्थानीय संगठन डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन, अकलतरा तथा नगर पालिका परिषद अकलतरा के पार्षद राज कुमार सिंह और विजय खांडेल ने भी समर्थन दिया है। समर्थन पत्र भी प्रशासन को सौंपा गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सूरज भारती, सुरेंदर लहरे, विजय खांडेल, निक्कू पाटले, शिवशंकर जोगी, दीपक मनहर, अमन टंडन, कुंवर ओग्रे, छोटू सोनवानी, मुकेश भारद्वाज, धीरेन्द्र जांगड़े, शैलेन्द्र रात्रे, योगेश्वर पाल ओग्रे, मुकेश, सुखदेव श्रीवास, संदीप कुमार, पृथ्वीराज बर्मन, बालेश्वर कुमार सहित संबंधित ग्रामों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!