करनौद में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, कई घायल
तेज रफ्तार या सड़क की स्थिति पर उठे सवाल, राहत-बचाव में जुटे ग्रामीण और पुलिस

करनौद में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, कई घायल
तेज रफ्तार या सड़क की स्थिति पर उठे सवाल, राहत-बचाव में जुटे ग्रामीण और पुलिस
जांजगीर-चांपा : जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम करनौद में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार की स्थिति बन गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी बस सर्विस की यात्री बस (क्रमांक CG 10 G 1035) चांपा की ओर से सवारियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान करनौद के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान कई यात्री घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े रहे, जिन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

पुलिस पहुंची मौके पर, घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की निगरानी में घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



