जैजैपुर से मालखरौदा तक बदमाशों का तांडव, सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे फोड़े
रातभर अलग-अलग स्थानों पर वारदात, मिशन चौक से गांवों तक दहशत

जैजैपुर से मालखरौदा तक बदमाशों का तांडव, सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे फोड़े
रातभर अलग-अलग स्थानों पर वारदात, मिशन चौक से गांवों तक दहशत
CCTV में बाइक सवार तीन युवक संदिग्ध, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सक्ती। जिले के मालखरौदा क्षेत्र में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाते हुए सड़क किनारे खड़ी चारपहिया वाहनों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार तोड़फोड़ की यह घटनाएं जैजैपुर क्षेत्र से शुरू होकर मालखरौदा तक अलग-अलग स्थानों पर लगातार होती रहीं। जहां-जहां सड़क किनारे कारें खड़ी दिखाई दीं, वहां बदमाशों ने उनके शीशे फोड़कर नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि मिशन चौक, पिहरीद, कलमी गांव सहित कई स्थानों पर खड़ी कारों के कांच टूटे पाए गए। सोमवार सुबह जब वाहन मालिक घरों से बाहर निकले तो अपनी गाड़ियों की हालत देखकर स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने बताया कि उनकी कारें घर के सामने या सड़क किनारे खड़ी थीं, जिन्हें देर रात अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक वाहनों को नुकसान पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्र में भय और नाराजगी का माहौल देखने को मिला। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जैजैपुर से मालखरौदा तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए तीन संदिग्ध युवक
घटना सामने आने के बाद सोमवार सुबह क्षेत्रवासियों ने मुख्य मार्ग एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियां करते हुए नजर आए हैं। बताया जा रहा है कि यही युवक अलग-अलग स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बना रहे थे।
फुटेज के अनुसार बाइक के पीछे बैठा युवक रास्ते में जहां भी वाहन खड़ा दिखाई देता, वहां पहुंचकर उसके शीशे पर हमला करता था। इस दौरान बाइक चालक वाहन को आगे बढ़ाता रहा, जबकि तीसरा युवक भी साथ मौजूद था। तीनों आरोपियों के हाव-भाव से वे बेखौफ नजर आए और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से आगे बढ़ते रहे।
पुलिस गश्त व्यवस्था पर उठे सवाल
घटनास्थल के अधिकांश इलाके थाना मालखरौदा से नजदीक बताए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग, मिशन चौक, पिहरीद और कलमी गांव जैसे क्षेत्रों में लगातार हुई तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात्रिकालीन गश्त प्रभावी होती, तो बदमाश इतनी देर तक खुलेआम वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। नागरिकों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा नियमित गश्त के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग दिखाई दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस आरोपियों तक कब तक पहुंचती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।




