दिल दहला देने वाली घटना: घर में पिता समेत दो मासूम बच्चों के शव मिलने से सनसनी
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा

दिल दहला देने वाली घटना: घर में पिता समेत दो मासूम बच्चों के शव मिलने से सनसनी
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम, पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा
CSP योगिताबाली खापर्डे मौके पर पहुंचीं, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या की आशंका, हर एंगल से जांच जारी
जांजगीर-चांपा। जिले के चौकी नैला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही घर में पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जिनके साथ उनके दो छोटे बच्चों के शव भी घर के अंदर मिले। सूचना मिलते ही चौकी नैला पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पारिवारिक विवाद के बाद बढ़ा तनाव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी द्वारा आने से इंकार करने पर वह अकेले घर लौट आया था।
सुबह सूचना मिलते ही मचा हड़कंप
घटना के दिन सुबह लगभग 08:00 बजे मृतक का पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने ग्राम कटनाई गया हुआ था। करीब 11:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसका पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही वह तत्काल घर पहुंचा, जहां तीनों के शव देखे गए।
CSP ने संभाला मोर्चा, फॉरेंसिक जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे स्वयं मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को हर पहलू से जांच के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा घटनास्थल को सील कर मर्ग कायम किया गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम बिरकोनी में शोक की लहर है। एक साथ तीन मौतों से पूरा गांव स्तब्ध है और हर कोई इस घटना को लेकर व्यथित नजर आ रहा है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




