कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान, पुलिस विभाग ने 15 सुरक्षा कर्मियों का बढ़ाया हौसला
आपातकालीन ड्यूटी में 24 घंटे तत्पर रहने वाले सुरक्षा, फायर एवं नर्सिंग स्टाफ को प्रशंसा-पत्र से किया गया सम्मानित

कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान, पुलिस विभाग ने 15 सुरक्षा कर्मियों का बढ़ाया हौसला
आपातकालीन ड्यूटी में 24 घंटे तत्पर रहने वाले सुरक्षा, फायर एवं नर्सिंग स्टाफ को प्रशंसा-पत्र से किया गया सम्मानित
जांजगीर-चांपा। प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और तत्परता से सेवाएं देने वाले सुरक्षा कर्मियों, फायर कर्मियों एवं नर्सिंग स्टाफ का पुलिस विभाग ने सम्मान कर उनका हौसला बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर 11 अगस्त 2026 को एसडीओपी चाम्पा लौकेश बंसल के हाथों पुलिस कार्यालय में संबंधित कर्मचारियों को ससम्मान प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए।

प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार की ओर से थाना प्रभारी, चाम्पा को दिए गए आवेदन में संयंत्र के सुरक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र देकर प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया गया था। आवेदन में बताया गया था कि संयंत्र के प्रशासनिक एवं आंतरिक आपातकालीन समय में सुरक्षा कर्मी, फायर कर्मी तथा नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे ड्यूटी के लिए तत्पर रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अपनी सेवाएं देते हैं।
पुलिस विभाग की ओर से कर्मचारियों के इस समर्पण और जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान एसडीओपी चाम्पा लौकेश बंसल ने कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कर्तव्य निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी इसी तरह जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में सुरक्षा अधिकारी अंकित पांडेय, सुरक्षा सुपरवाइजर दौलत सिंह, सुरक्षाकर्मी चंद्रमा सिंह, वाहन चालक धनेश्वर पटेल, सुरक्षा कर्मी आयुष लहरे, सुरक्षा सुपरवाइजर शारदा सिंह, सुरक्षा कर्मी हलेश्वर, शुभम साहू, बसंत बरेठ, सुनील कुमार एवं कृष्णा कुमार शामिल हैं। इनके साथ फायर कर्मी सुरेंद्र पाटले, दमकल चालक शिव करियारे तथा नर्सिंग स्टाफ बलबीर सिंह क्षत्रिय और जनपत कुमार सोन को भी प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रशंसा-पत्र में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, सजगता एवं तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रशासनिक एवं संयंत्र परिसर के अंदर आपातकालीन परिस्थितियों में 24 घंटे कार्य करने के लिए तत्पर रहते हैं। पुलिस अधीक्षक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसी प्रकार कर्तव्य पालन की अपेक्षा व्यक्त की।
सम्मान मिलने से सुरक्षा, फायर और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा। कर्मचारियों ने पुलिस विभाग द्वारा उनके कार्यों को प्रोत्साहित किए जाने पर आभार व्यक्त किया। यह सम्मान आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित सेवाओं के लिए जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम रहा।




