छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

धनतेरस पर जांजगीर के कचहरी चौक में बिगड़ी यातायात व्यवस्था

ट्रैफिक सिग्नल बंद और यातयात पुलिस नदारद

धनतेरस पर जांजगीर के कचहरी चौक में बिगड़ी यातायात व्यवस्था

ट्रैफिक सिग्नल बंद और यातयात पुलिस नदारद

कलेक्टर भी इसी चौक से मिट्टी के दीये खरीदकर लौटे, व्यस्ततम समय में वाहनों की आवाजाही रही अव्यवस्थित; यातायात प्रभारी उदयन बेहर ने मीडिया का फोन नहीं किया रिसीव

जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व के पहले दिन धनतेरस पर जिला मुख्यालय जांजगीर के प्रमुख कचहरी चौक में यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित नजर आई। बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने के साथ ही चौक पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई, लेकिन यातायात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर यातायात पुलिस की मौजूदगी दिखाई नहीं दी। शाम करीब 5:15 बजे की सामने आई तस्वीरों में चौक से गुजरने वाले वाहन बेतरतीब तरीके से आते-जाते नजर आए। इस दौरान चौक पर लगे यातायात सिग्नल भी बंद थे, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

धनतेरस के अवसर पर कचहरी चौक और आसपास के बाजार क्षेत्र में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। ऐसे में प्रमुख चौक पर यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक था। बावजूद इसके यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती नजर नहीं आई। चौक के पास ही सिटी कोतवाली का सहायता केंद्र स्थित है, लेकिन इसके बावजूद वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित नहीं दिखी। सड़क के अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहन बिना किसी निर्धारित नियंत्रण के चौक से गुजरते रहे। बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नल के कारण भी यातायात संचालन प्रभावित होता नजर आया।

इसी चौक से मिट्टी के दीये खरीदकर लौटे कलेक्टर

धनतेरस के अवसर पर जिले के कलेक्टर भी इसी कचहरी चौक क्षेत्र से मिट्टी के दीये खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कलेक्टर के इसी स्थान से गुजरने की तस्वीर देखी जा सकती है। जिस समय जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक पर यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित थी, उसी दौरान आम नागरिकों के साथ जिले के प्रशासनिक प्रमुख का भी इसी मार्ग से आवागमन हुआ। धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़ के मद्देनजर इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण की आवश्यकता बनी हुई थी।

 

यातायात प्रभारी ने नहीं उठाया फोन

कचहरी चौक की यातायात व्यवस्था को लेकर जब यातायात प्रभारी उदयन बेहर से जानकारी लेने के लिए मीडिया ने संपर्क करने का प्रयास किया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर यातायात विभाग की ओर से की गई व्यवस्था और प्रमुख चौक पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर उनका पक्ष सामने नहीं आ सका। वहीं, चौक पर लगे ट्रैफिक सिग्नल बंद रहने की स्थिति में उन्हें दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की है।

त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक कचहरी चौक पर धनतेरस के दिन सामने आई अव्यवस्थित यातायात की तस्वीरों ने यातायात विभाग की तैयारियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि जिला पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!