Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
छत्तीसगढ़राज्यलोकल न्यूज़

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति से उच्च शिक्षा को मिलेगा संबल, कलेक्टर ने प्राचार्यों को दिए अधिकतम आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश

पात्र छात्राओं को पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक हर वर्ष मिलेंगे 30 हजार रुपये, प्रथम चरण में 31 अगस्त तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति से उच्च शिक्षा को मिलेगा संबल, कलेक्टर ने प्राचार्यों को दिए अधिकतम आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश

पात्र छात्राओं को पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक हर वर्ष मिलेंगे 30 हजार रुपये, प्रथम चरण में 31 अगस्त तक निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन

 

जांजगीर-चांपा। जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में यह छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर सकती है। उन्होंने महाविद्यालय स्तर पर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों से कहा कि वे अपने संस्थानों की पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के साथ उनके आवेदन की प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग करें।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई शासकीय विद्यालय से पूर्ण करने वाली तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं को प्राथमिकता के साथ योजना का लाभ दिलाने के लिए कार्य किया जाए।

पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक मिलेंगे 30 हजार रुपये प्रतिवर्ष

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनके पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें, परिवहन सहित शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क एवं ऑनलाइन है। प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे।

आवेदन के लिए पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट⁠� के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान पिछले छह माह की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकसूची तथा प्रवेश का प्रमाण-पत्र, जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र अथवा ट्यूशन फीस रसीद की स्पष्ट स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेज निर्धारित पीडीएफ, जेपीजी अथवा पीएनजी प्रारूप में अपलोड किए जा सकेंगे।

छात्रवृत्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा आवेदन में सहायता के लिए स्कॉलरशिप वाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9019960536 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!