सीएम हेल्पलाइन में संतोषजनक निराकरण के बाद हितग्राहियों से स्वयं फीडबैक लें अधिकारी : कलेक्टर
बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, ट्रैक्टरों में नियम विरुद्ध केज व्हील के उपयोग पर होगी कार्रवाई

सीएम हेल्पलाइन में संतोषजनक निराकरण के बाद हितग्राहियों से स्वयं फीडबैक लें अधिकारी : कलेक्टर
बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, ट्रैक्टरों में नियम विरुद्ध केज व्हील के उपयोग पर होगी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण के बाद संबंधित अधिकारियों को स्वयं हितग्राहियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान मिलना आवश्यक है। कलेक्टर ने अधिकारियों को पॉजिटिव फीडबैक बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिकायत के निराकरण के बाद संबंधित अधिकारी स्वयं हितग्राही से संपर्क कर फीडबैक लें तथा प्राप्त फीडबैक की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बारिश से खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा सेतु विभाग के अधिकारियों से प्रगतिरत मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और बारिश के कारण सड़क खराब होने की स्थिति में तत्काल रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़कों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं परिवहन विभाग को सड़कों पर ट्रैक्टरों में नियम विरुद्ध केज व्हील के उपयोग पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जर्जर भवनों में नहीं लगेंगी कक्षाएं
कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाओं अथवा आंगनबाड़ी का संचालन न किया जाए। विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने जर्जर भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
छात्रावासों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
कलेक्टर ने जिले के छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों में पर्याप्त रोशनी, इमरजेंसी लाइट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। छात्रावास अधीक्षकों को 24 घंटे परिसर में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में छात्रावास भवनों में सीपेज की समस्या वाले स्थानों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
पोर्टलों पर समय पर अपलोड होगी जानकारी व फोटो
कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागीय जानकारी एवं कार्यों की प्रगति की नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं आवश्यक फोटोग्राफ जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर समय-सीमा में अपलोड करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
उन्होंने सेवा सेतु ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम स्तर से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक आमजन को सेवा सेतु के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




