तिरंगे की शान में रंगा जांजगीर-चांपा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का किया वाचन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों का हुआ सम्मान

तिरंगे की शान में रंगा जांजगीर-चांपा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का किया वाचन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों का हुआ सम्मान
जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जांजगीर स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी।

ध्वजारोहण के बाद समारोह स्थल पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण देखने को मिला। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने हर्षोल्लास एवं उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। इस दौरान परेड दलों ने अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान
मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों का सम्मान किया गया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

परेड में जिला पुलिस बल और एनसीसी ने मारी बाजी
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आयोजित परेड प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनसीसी बालिका, टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को द्वितीय तथा एनसीसी बालक, टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को तृतीय स्थान मिला। जूनियर वर्ग में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक को द्वितीय तथा एनसीसी सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जांजगीर द्वितीय स्थान पर रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी प्रथम
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ज्ञानदीप उमावि जांजगीर को द्वितीय तथा सेजेस चांपा को तृतीय स्थान मिला। विद्यालयीन विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।

शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों को दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और उसकी रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
मुख्य समारोह में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, अमर सुलतानिया, इंजी. रवि पांडेय, आशुतोष गोस्वामी, आनंद मिरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह एवं दीपक यादव ने किया।





