Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
छत्तीसगढ़देशराज्यलोकल न्यूज़

उत्कृष्ट कार्यों के लिए ट्रांसमिशन कंपनी के आठ अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

तकनीकी दक्षता, नवाचार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य निष्पादन के लिए मिला प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह

उत्कृष्ट कार्यों के लिए ट्रांसमिशन कंपनी के आठ अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

तकनीकी दक्षता, नवाचार और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य निष्पादन के लिए मिला प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी में क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। डंगनिया स्थित सेवाभवन के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों का चयन वर्षभर के दौरान तकनीकी दक्षता, विद्युत परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, नवाचार, विद्युत प्रणाली की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य निष्पादन के आधार पर किया गया।

उपकरणों को नुकसान से बचाने में दिखाई सूझबूझ

खेदामारा के परीक्षण सहायक श्रेणी-01 जे. कृष्णामूर्ति को सेमरिया 220 केवी उपकेंद्र में सर्किट ब्रेकर के एक पोल के बस्ट होने की स्थिति में सूझबूझ का परिचय देते हुए बड़े उपकरणों को नुकसान से बचाने के लिए सम्मानित किया गया। अंबिकापुर के सिविल संभाग में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमित कुमार सिंह को तिल्दा, कुसमी एवं सोनगरा स्थित 132 केवी उपकेंद्रों के लिए वन भूमि आबंटन की प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रयास के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

समयबद्ध ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए सम्मान

महासमुंद के 132/33 केवी उपकेंद्र झलप एवं बागबाहरा की सहायक अभियंता लता जगत को 63 एमवीए ट्रांसफार्मरों की समयबद्ध स्थापना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विद्युत प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। भिलाई के कर्मशाला संभाग के परिचारक श्रेणी-दो (ला.) वेदराम यादव को जटिल ट्रांसमिशन संरचनाओं एवं 220 केवी टावरों के लिए विशेष टेम्पलेट तैयार कर निर्माण कार्य को सरल बनाने में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।

निर्धारित समय से पहले पूरा किया लाइन निर्माण

रायगढ़ के अति उच्च दाब (निर्माण) उपसंभाग के परिचारक श्रेणी-एक (लाईन) सत्य प्रकाश राठौर को ग्रामीण क्षेत्रों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच घरघोड़ा-बरौद 132 केवी लाइन निर्माण कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कराने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं रायपुर के अति उच्च दाब (निर्माण) संभाग के लाइन सहायक श्रेणी-दो हीरा सिंह ध्रुव को एनएमडीसी बचेली के लिए 132 केवी लाइन निर्माण के दौरान विभिन्न विभागों एवं स्थानीय लोगों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

अतिरिक्त दायित्व के साथ निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

बिलासपुर के 132 केवी उपकेंद्र तिफरा की सहायक अभियंता वीणा ध्रुव को नौ उपकेंद्रों का अतिरिक्त दायित्व संभालते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्य निष्पादन तथा नवीन पावर ट्रांसफार्मरों की सफल चार्जिंग में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रायपुर मुख्यालय की प्रबंधक (वित्त) अमृता व्यास को एपीआई आधारित मशीन-टू-मशीन भुगतान प्रणाली विकसित कर भुगतान प्रक्रिया के सफल डिजिटलीकरण में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

सम्मान समारोह में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, कार्यपालक निदेशक (वित्त) एम.एस. चौहान, कार्यपालक निदेशक (लाइन) संजय पटेल, कार्यपालक निदेशक (ट्रांसमिशन) वी.के. दीक्षित, मुख्य अभियंता (भार प्रेषण) शारदा सोनवानी, मुख्य अभियंता (उपकेंद्र) अब्राह्म वर्गीस, मुख्य अभियंता (परियोजना) प्रसन्ना गोसावी तथा मुख्य अभियंता (एचआर) रश्मि वर्मा उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया। अंत में अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!