
हसदेव नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन छात्र बहे
चौकसे कॉलेज के चार छात्र और चार छात्राएं पहुंचे थे देवरी चिचोली, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू, अंधेरा होने पर अभियान रोका
जांजगीर-चांपा। जिले के देवरी चिचोली में हसदेव नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के तीन छात्र नदी में बह गए। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। ड्रोन के माध्यम से भी छात्रों की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। अब सुबह होते ही दोबारा खोज अभियान शुरू किया जाएगा।
बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के अनुसार, नदी में बहने वाले छात्रों की पहचान पवन, मुरारी और सचिन के रूप में हुई है। इनमें एक की उम्र 23 वर्ष और दो की उम्र 22 वर्ष बताई गई है। तीनों छात्र अंबिकापुर, पंडरिया और चिरमिरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

आठ छात्र-छात्राएं पहुंचे थे पिकनिक मनाने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौकसे कॉलेज में अध्ययनरत चार छात्र और चार छात्राएं देवरी चिचोली घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान हसदेव नदी में नहाने और तैरने के दौरान तीन छात्र पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आकर बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। एसडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने नदी में संभावित स्थानों पर तलाश की। छात्रों को खोजने के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई।

अंधेरा होने पर रोका गया रेस्क्यू
रेस्क्यू टीम द्वारा काफी देर तक नदी में छात्रों की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा। थाना प्रभारी के अनुसार, अब सुबह रोशनी होने के बाद एसडीआरएफ की टीम दोबारा नदी में खोज अभियान शुरू करेगी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के परिजन भी घटनास्थल की ओर रवाना हुए। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। रेस्क्यू अभियान के बाद ही तीनों छात्रों के संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




