धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर रमन नगर नहर पार मेन रोड से पुलिस ने पकड़ा, तलवारनुमा हथियार बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर रमन नगर नहर पार मेन रोड से पुलिस ने पकड़ा, तलवारनुमा हथियार बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
जांजगीर। शहर के रमन नगर क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली से पुलिस टीम थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रमन नगर नहर पार मेन रोड के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर खड़ा है और वहां से आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क और CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की धरपकड़ और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल रमन नगर नहर पार क्षेत्र के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा यादव उर्फ नानू यादव, पिता राम चरण यादव, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-18 रमन नगर, जांजगीर बताया।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक नग तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया। हथियार को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी कृष्णा यादव उर्फ नानू यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




