पामगढ़ में चला नगर पंचायत का बुलडोजर, ठेले-गुमटी वालों की दुकानें हटाईं
प्रभावित दुकानदारों का आरोप: चुनिंदा लोगों पर हुई कार्रवाई, बड़े कब्जे छोड़ दिए गए

पामगढ़ में चला नगर पंचायत का बुलडोजर, ठेले-गुमटी वालों की दुकानें हटाईं
• सार्वजनिक शौचालय के लिए खाली कराई गई शासकीय भूमि, पुलिस-राजस्व अमले की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
• प्रभावित दुकानदारों का आरोप: चुनिंदा लोगों पर हुई कार्रवाई, बड़े कब्जे छोड़ दिए गए
• “सबका तोड़ो या किसी का मत तोड़ो”, न्याय की मांग पर अड़े दुकानदार
पामगढ़। नगर पंचायत पामगढ़ द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्वर्गीय बहोरिक लाल सूर्यवंशी चौक के पास सड़क किनारे शासकीय भूमि पर बुलडोजर चलाकर पान ठेला, फल दुकान और नाश्ते की छोटी-छोटी दुकानें हटा दी गईं। कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी है और वे वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

शौचालय निर्माण प्रस्तावित, पहले दिए गए थे नोटिस
नगर पंचायत के अनुसार इस भूमि पर स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। बताया गया कि संबंधित दुकानदारों को पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर पुलिस बल और राजस्व विभाग की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से कार्रवाई कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
“सीएमओ ने कहा था सबका टूटेगा, कुछ का ही तोड़कर चले गए”
प्रभावित दुकानदार दीपक कश्यप ने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) कार्रवाई से पहले मौके पर आए थे और सभी अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। उनका कहना है कि इसके बावजूद केवल कुछ लोगों की दुकानें तोड़ी गईं। दीपक के अनुसार यहां 6-7 लोगों के निर्माण तोड़े गए, जबकि बाकी किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल और तालाब के किनारे बड़े पैमाने पर कब्जा है, पर उसे नहीं छुआ गया। उन्होंने कहा, “हमने तो बिल्डिंग भी नहीं बनाई थी, छोटी सी दुकान थी जिससे जीवन यापन चल रहा था। हमें बस न्याय चाहिए। तोड़ना है तो सबका तोड़ो, या फिर किसी का मत तोड़ो।”

हाथ ठेले और बांस-तिरपाल से चल रहा था परिवार
ओम प्रकाश कश्यप, निवासी पामगढ़, ने बताया कि वे हाथ ठेले पर दुकान लगाते थे और चार बांस गाड़कर तिरपाल बांधकर कारोबार चला रहे थे, इसी से उनके परिवार का गुजारा होता था। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण तो पूरे पामगढ़ में है, लेकिन केवल उनकी दुकानें हटाई गईं, जबकि बड़ी-बड़ी इमारतों पर कार्रवाई नहीं हुई।
“40-50 साल से कब्जा, गांव के सियान ही कब्जेदार”
एक अन्य प्रभावित दुकानदार ने दावा किया कि पामगढ़ में 40-50 साल से कब्जे चले आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में जो लोग बुजुर्ग और प्रतिष्ठित के रूप में जाने जाते हैं, वे ही कब्जेदार हैं। उन्होंने भी मांग की कि कार्रवाई करनी है तो सभी पर हो, अन्यथा किसी पर भी नहीं।

स्थानीय लोगों ने उठाए जगह चयन पर सवाल
कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने शौचालय के लिए इस स्थान के चयन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जहां शौचालय की जरूरत नहीं है वहां निर्माण प्रस्तावित किया जा रहा है, जबकि इसे बस स्टैंड के पास बनाया जाना चाहिए।
प्रतिमा स्थापना के लिए रखी गई थी भूमि
रामेश्वर खरे ने बताया कि यह भूमि पामगढ़ के प्रथम विधायक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित बहोरिक लाल सूर्यवंशी की प्रतिमा स्थापना के लिए रखी गई थी।
वैकल्पिक व्यवस्था पर टिकी निगाहें
दुकानदारों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनकी दुकानें तोड़ दी गईं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। अब प्रभावित दुकानदारों की निगाहें नगर पंचायत पर टिकी हैं कि उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है या नहीं।



