कृषिछत्तीसगढ़देशराज्यलोकल न्यूज़

कलेक्टर महोबे ने परखी राजस्व कार्यों की रफ्तार, लंबित प्रकरणों के निपटारे को चलेगा विशेष अभियान

धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर नियमित नजर रखने के निर्देश, किसानों को न हो कोई परेशानी

कलेक्टर महोबे ने परखी राजस्व कार्यों की रफ्तार, लंबित प्रकरणों के निपटारे को चलेगा विशेष अभियान

धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर नियमित नजर रखने के निर्देश, किसानों को न हो कोई परेशानी

राजस्व प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण अनिवार्य, त्रुटि सुधार और नामांतरण पर विशेष जोर 

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली गई। उन्होंने राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में धान खरीदी, फार्मर रजिस्ट्री, ई-कोर्ट, नामांतरण, खाता विभाजन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों और लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई।

 

धान खरीदी में किसानों को न हो परेशानी

कलेक्टर श्री महोबे ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखी जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही खरीदी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने को भी कहा गया।

ई-कोर्ट, नामांतरण और खाता विभाजन प्रकरणों पर जोर

कलेक्टर ने ई-कोर्ट में दर्ज प्रकरणों, नामांतरण एवं खाता विभाजन पंजी, राजस्व प्रकरणों तथा त्रुटि सुधार मॉड्यूल की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने और राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों का समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख तैयार करने एवं उनके वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

सीएम हेल्पलाइन, ऑटो डायवर्जन और नक्शा बटांकन भी एजेंडे में

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, ऑटो डायवर्जन, अभिलेख अद्यतन पंजी तथा नक्शा बटांकन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों, भू-अर्जन एवं भू-आवंटन से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आम नागरिकों के मामलों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हो

कलेक्टर श्री महोबे ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों के राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!