समाज कल्याण विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला: उप संचालक से प्रभार लेकर अपर कलेक्टर को सौंपा
कलेक्टर जनमेजय महोबे की त्वरित कार्रवाई, दिव्यांग गृह सहित वित्तीय अधिकार भी हस्तांतरित

समाज कल्याण विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला: उप संचालक से प्रभार लेकर अपर कलेक्टर को सौंपा
कलेक्टर जनमेजय महोबे की त्वरित कार्रवाई, दिव्यांग गृह सहित वित्तीय अधिकार भी हस्तांतरित
ज्ञापन के बाद हुआ निर्णय, जिले के दिव्यांगों में खुशी, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी को मिली जिम्मेदारी
जांजगीर-चांपा। समाज कल्याण विभाग से जुड़े घटनाक्रम के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए उप संचालक समाज कल्याण के प्रभार में बदलाव कर दिया है। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप संचालक श्रीमती बरखा मिहिर के स्थान पर अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी को समाज कल्याण विभाग का प्रभार सौंप दिया है।

आदेश जारी, तत्काल प्रभाव से लागू
जारी आदेश के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय द्वारा 24 जून 2026 को आदेश क्रमांक 25 के तहत यह व्यवस्था लागू की गई। इसमें विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए उप संचालक समाज कल्याण के स्थान पर अपर कलेक्टर को प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही शासकीय बहुद्देशीय दिव्यांग गृह सह छात्रावास, जांजगीर-चांपा के अधीक्षक का आहरण एवं संवितरण अधिकार भी अपर कलेक्टर को प्रदान किया गया है। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
ज्ञापन के बाद प्रशासन सक्रिय
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ निःशक्त जन अधिकार समिति द्वारा समाज कल्याण विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिया। इस निर्णय के तहत उप संचालक के समस्त प्रभार हटाकर अपर कलेक्टर को सौंप दिए गए हैं, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में निरंतरता सुनिश्चित की जा सके।
दिव्यांगजनों में खुशी का माहौल
प्रशासनिक निर्णय के बाद जिले के दिव्यांगजनों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। छत्तीसगढ़ निःशक्त जन अधिकार सहयोग समिति के समस्त दिव्यांगजनो ने इस फैसले का स्वागत किया है। दिव्यांग साथियों द्वारा कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उम्मीद जताई गई है कि विभागीय कार्यों में अब गति आएगी और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
उच्च स्तर पर कार्रवाई का इंतजार
इस पूरे मामले में जहां जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं, वहीं समाज कल्याण विभाग के उच्च स्तर पर अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने की स्थिति बनी हुई है। सचिव एवं संचालक स्तर से संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर उप संचालक बरखा मिहिर को सचिव समाज कल्याण और संचालक समाज कल्याण द्वारा बचाये जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
विभागीय कार्यों पर रहेगी नजर
नई व्यवस्था के तहत अब समाज कल्याण विभाग से जुड़े कार्यों का संचालन अपर कलेक्टर के जिम्मे रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य विभागीय गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करना और हितग्राहियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।




