खरीफ तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा बैठक में दिए अहम निर्देश
खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी और एग्रीस्टेक पंजीयन की हुई विस्तृत समीक्षा

खरीफ तैयारियों पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा बैठक में दिए अहम निर्देश
खाद-बीज उपलब्धता, केसीसी और एग्रीस्टेक पंजीयन की हुई विस्तृत समीक्षा
पीएम सूर्य घर योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर, अधिक हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश
ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर फोकस
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों, किसानों के लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), एग्रीस्टेक पंजीयन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, मानसून पूर्व तैयारियों तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने पात्र किसानों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने पर जोर देते हुए सहकारी बैंकों के साथ-साथ अन्य शासकीय एवं निजी बैंकों के माध्यम से भी ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष बचे किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से सीधे संपर्क स्थापित कर पंजीयन की प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।

बैठक में कलेक्टर ने जनदर्शन एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश देते हुए ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन की भी समीक्षा की।
विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया।
कलेक्टर ने जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्व प्रकरणों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागवार लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।




