Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
छत्तीसगढ़देशराज्यलोकल न्यूज़

सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर-एसपी की संयुक्त समीक्षा बैठक

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर-एसपी की संयुक्त समीक्षा बैठक

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

अतिक्रमण हटाने, ब्लैक स्पॉट सुधार और नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर

 

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने संयुक्त रूप से समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, वहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई, सड़क प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

कलेक्टर ने सड़क किनारे अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इसके विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध कब्जों को हटाने पर बल दिया।

सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने दुर्घटना की स्थिति में घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड एवं रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने, नेशनल एवं स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग करने तथा ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई के निर्देश देते हुए यातायात अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर-एसपी ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आर.के. तंबोली, श्रीमती स्निग्धा तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!