Welcome to CG khabarnama   Click to listen highlighted text! Welcome to CG khabarnama
छत्तीसगढ़देशप्रशासनिक कार्यवाहीराज्यलोकल न्यूज़

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं, समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

नक्शा बटांकन में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन की भी हुई समीक्षा

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं, समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान

नक्शा बटांकन में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन की भी हुई समीक्षा

 

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सबसे पहले नक्शा बटांकन के प्रकरणों की तहसीलवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्शा बटांकन से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन और बकेट क्लेम की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और आवश्यकतानुसार मैदानी अमले को मार्गदर्शन दिया जाए।

बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति और स्वामित्व कार्ड वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित एवं विवादित नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों की तहसीलवार स्थिति की जानकारी ली और लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने को कहा।

इसी क्रम में अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, ई-कोर्ट और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों और प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार से संबंधित प्रकरणों में भी आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर महोबे ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की सेवाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं। शासन की योजनाओं और राजस्व सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता एवं समय पर पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!